BJP 3D Formula : मध्यप्रदेश। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी अब कथित घुसपैठियों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर नया अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी ने इसके लिए “3D फॉर्मूला” तैयार किया है, जिसके तहत जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
यह प्रशिक्षण दीनदयाल प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित किया जाएगा। पार्टी की जिला इकाइयों को इसके लिए करीब 100 पन्नों का ट्रेनिंग कोर्स भी भेजा गया है।
क्या है बीजेपी का 3D फॉर्मूला?
बीजेपी के इस नए अभियान में 3D का मतलब बताया गया है
- Detect – घुसपैठियों की पहचान करना
- Delete – वोटर लिस्ट से नाम हटवाना
- Deport – घर वापसी या निष्कासन की प्रक्रिया
प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को यह सिखाया जाएगा कि संदिग्ध घुसपैठियों की पहचान कैसे की जाए, संबंधित दस्तावेजों की जानकारी कैसे जुटाई जाए और प्रशासनिक स्तर पर शिकायत प्रक्रिया कैसे आगे बढ़ाई जाए।
वोटर लिस्ट पर रहेगा खास फोकस
जानकारी के मुताबिक पार्टी का विशेष फोकस मतदाता सूची पर रहेगा। प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट की जांच, संदिग्ध नामों की पहचान और संबंधित अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाने की प्रक्रिया समझाई जाएगी।
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर दस्तावेजों के सत्यापन और संगठनात्मक नेटवर्क के जरिए जानकारी जुटाने पर भी जोर दिया जाएगा।
जिला इकाइयों को भेजा गया ट्रेनिंग मॉड्यूल
सूत्रों के अनुसार बीजेपी संगठन ने जिला इकाइयों को करीब 100 पन्नों का विस्तृत ट्रेनिंग मॉड्यूल भेजा है। इसमें कानूनी प्रक्रिया, संगठनात्मक रणनीति और जमीनी स्तर पर काम करने के तरीके शामिल किए गए हैं।
पार्टी का मानना है कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर इस अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाया जा सकता है।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी चर्चा
बीजेपी के इस नए 3D फॉर्मूले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। इसे आगामी चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति से जोड़कर भी देखा जा रहा है। वहीं विपक्षी दल इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरने की तैयारी में हैं। आने वाले दिनों में इस अभियान को लेकर प्रदेश की राजनीति और गरमा सकती है।
MP Weather Update : मप्र में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट