हाइलाइट्स
- एमपी में तापमान 41 डिग्री के पार
- रतलाम सबसे गर्म जिला
- 16 अप्रैल से हीट वेव का अलर्ट
- कई जिलों में लू चलने की संभावना
- भोपाल-इंदौर-जबलपुर में तेज गर्मी
MP Heat Wave Alert : भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी अब अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित होने लगा है। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो रही है और लोग गर्मी से बचने के लिए छांव का सहारा ले रहे हैं।
41 डिग्री के पार पहुंचा पारा, रतलाम सबसे गर्म
प्रदेश में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। रतलाम में सबसे अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
इसके अलावा भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है और दोपहर के समय तेज गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है।
16 अप्रैल से हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 16 अप्रैल से प्रदेश में हीट वेव यानी लू का असर और तेज हो सकता है। 16 और 17 अप्रैल के दौरान कई जिलों में गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में रहेगा लू का असर
मौसम विभाग के अनुसार रतलाम, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, खरगोन, खंडवा, सीधी, सिंगरौली, मंडला और बालाघाट जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।