Rajgarh News : मध्य प्रदेश । राजगढ़ के छापीहेड़ा बस स्टैंड पर बुधवार रात करीब 8 बजे एक मामूली-सी बात ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि पूरा इलाका हिंसा की चपेट में आ गया। सब कुछ एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी को लेकर की गई टिप्पणी से शुरू हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में खड़ी स्कॉर्पियो को लेकर किसी ने टिप्पणी कर दी। बस इतनी-सी बात थी, लेकिन देखते-ही-देखते दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। बात बढ़ी तो लोग इकट्ठा होने लगे।
कुछ ही मिनटों में गुस्साए लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे। पथराव में कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आईं। पास खड़ी दो गाड़ियों के कांच चकनाचूर हो गए। पूरी बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
Sehore News : भंडेली शाला प्रभारी महीनों से एडवांस हाजिरी भरकर गायब, बच्चों की पढ़ाई चौपट
सूचना मिलते ही छापीहेड़ा पुलिस हरकत में आई। सबसे पहले एसआई काशीराम मीणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात बेकाबू देखते ही थाना प्रभारी संगीता शर्मा भारी पुलिस बल लेकर पहुंचीं।
पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति को काबू में किया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों से लिखित शिकायतें मिली हैं।
बलवा, मारपीट और संपत्ति नुकसान की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही है। इलाके में फिर कोई अनहोनी न हो, इसके लिए छापीहेड़ा के साथ-साथ आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। रात भर गश्त की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्ष पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और पुरानी रंजिश भी थी। छोटी-सी बात ने उस आग को फिर भड़का दिया। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन तनाव अभी बना हुआ है।