लॉरेंस गैंग के नाम पर तुषार कपूर से 5 करोड़ की मांगी फिरौती, आया धमकी भरा कॉल; जानिए क्या है पूरा मामला?
अभिनेता तुषार कपूर से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर के नाम से जोड़ा था। मुंबई क्राइम ब्रांच की शुरुआती जांच में आवाज का मिलान हैरी के ऑडियो सैंपल से नहीं हुआ। पुलिस अब कॉल करने वाले की पहचान कर रही है।


Tusshar Kapoor Extortion Call: बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम पर धमकी भरा फोन आया है। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर उनसे 5 करोड़ रुपये की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शुरुआती तकनीकी जांच में कॉल करने वाले की आवाज हैरी बॉक्सर के उपलब्ध ऑडियो सैंपल से मेल नहीं खाती है। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि किसी ने गैंग का नाम इस्तेमाल कर अभिनेता को डराने की कोशिश की है। तुषार कपूर ने इस मामले की शिकायत मुंबई पुलिस से की थी।
ऑडियो सैंपल से नहीं मिला आवाज का मिलान
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग की पड़ताल की। इसके बाद आवाज की तुलना हैरी बॉक्सर के उपलब्ध आधिकारिक ऑडियो सैंपल से की गई।
दोनों आवाजों में समानता नहीं मिली। इस जांच के बाद कॉल के पीछे किसी दूसरे व्यक्ति के होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्य जुटाकर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
गुरु रंधावा और कपिल शर्मा से जुड़े मामले भी चर्चा में
बता दें, पंजाबी गायक गुरु रंधावा को धमकी दिए जाने का मामला भी पहले चर्चा में था। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित ऑडियो में उनके जिम पर हुई फायरिंग को लेकर दावा किया गया था। वहीं, कॉमेडियन कपिल शर्मा के कनाडा स्थित कैफे पर भी फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं के चलते मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
'गोलमाल' फिल्मों से मिली तुषार कपूर को पहचान
तुषार कपूर अभिनेता जितेंद्र और फिल्म निर्माता शोभा कपूर के बेटे हैं। उनकी बहन एकता कपूर भी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी निर्माता हैं। तुषार ने साल 2001 में करीना कपूर के साथ फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था।
शुरुआती दौर में उन्होंने 'क्या दिल ने कहा', 'जीना सिर्फ मेरे लिए' और 'ये दिल' जैसी फिल्मों में काम किया। बाद में 'क्या कूल हैं हम' और 'गोलमाल' फ्रेंचाइजी ने उन्हें कॉमेडी कलाकार के रूप में खास पहचान दिलाई। 'शोर इन द सिटी' में उनके अभिनय को भी सराहना मिली।

