रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड: आगरा से पकड़ा गया मुख्य आरोपी, भागने की कोशिश में पैर में लगी गोली
भोपाल के रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार को पुलिस ने आगरा से गिरफ्तार किया है। भोपाल लाते समय मुगालिया छाप के पास उसने भागने की कोशिश की। पुलिस कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। फिलहाल उसका हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Bhopal Retired IAS Murder Case: भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के बाद से फरार चल रहे उनके केयरटेकर वरुण कुमार को आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया। भोपाल लाते समय मंगलवार सुबह मुगालिया छाप के पास आरोपी ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई कर भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा से पकड़ा गया आरोपी
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी को आगरा से पकड़ने के बाद भोपाल लाया जा रहा था। रास्ते में उसने पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने का प्रयास किया। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके बाद पुलिस उससे पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की जानकारी जुटाएगी।
कई राज्यों में तलाश
बता दें, राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद से वरुण पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसकी तलाश में भोपाल पुलिस की अलग-अलग टीमें कई राज्यों में भेजी गई थीं। ग्वालियर, मथुरा, वृंदावन और पंजाब समेत कई जगहों पर उसकी तलाश की गई। जांच के दौरान आरोपी के CCTV फुटेज भी मिले थे, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदल रहा था।
लंबे समय तक हाथ नहीं आने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज की। आखिरकार टीम ने आगरा में उसे पकड़ लिया। अब पुलिस उसकी फरारी के दौरान की गतिविधियों और संभावित मददगारों के बारे में भी जानकारी जुटा सकती है।
गिरफ्तारी पर घोषित था 50 हजार रुपये का इनाम
जानकारी के अनुसार, मामले की गंभीरता और आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने विशेष जांच दल (SIT) बनाया था। इसकी जिम्मेदारी पुलिस मुख्यालय में पदस्थ AIG उमेश तिवारी को दी गई थी।
फरार वरुण की गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। SIT आरोपी के संभावित ठिकानों, संपर्कों और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही थी।
IAS एसोसिएशन ने भी उठाया था गिरफ्तारी का मुद्दा
राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद आरोपी के फरार रहने का मामला IAS एसोसिएशन ने भी उठाया था। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने पहले मुख्य सचिव और फिर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने आरोपी को जल्द पकड़ने और मामले में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग रखी थी।
30 सितंबर की रात घर में हुई थी वारदात
गौरतलब है कि रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की 30 सितंबर की रात भोपाल के सूरज नगर स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई थी। अगली सुबह उनकी पत्नी निशी अग्रवाल ने कमरे में उनका शव देखा था। शुरुआती जांच के दौरान घर की अलमारियों का सामान बिखरा मिला था। किचन में LPG सिलेंडर का पाइप भी निकला हुआ पाया गया था।
पुलिस ने जांच में घर में आग लगाकर सबूत मिटाने की कोशिश किए जाने की आशंका भी जताई थी। वारदात के बाद से ही घर में केयरटेकर के रूप में काम करने वाला वरुण संदेह के घेरे में था।