फ्लोरिडा में बिजनेस जेट हुआ दुर्घटनाग्रस्त, 9 लोगों की मौत; जानिए कैसे हुई घटना?
अमेरिका के फ्लोरिडा में टेक्सास से बहामास जा रहा बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे से पहले पायलट ने ‘मेडे’ कॉल देकर विमान के तेजी से नीचे आने की सूचना दी थी। करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।


Florida Plane Crash: अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बिजनेस जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार सभी 9 लोगों की जान चली गई। यह विमान टेक्सास से बहामास की ओर जा रहा था। हादसे से पहले पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को विमान के तेजी से नीचे आने की सूचना दी थी। विमान रिहायशी इलाके के पास सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में आग लग गई और मौके पर आपातकालीन टीमें पहुंचीं। हादसे वाली जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से करीब 14 किलोमीटर दूर है।
पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को क्या बताया?
बता दें, हादसे से पहले पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग सामने आई है। इसमें पायलट ने मौसम बिगड़ने, विमान पर बर्फ जमने और तेज झटके महसूस होने की जानकारी दी थी। पायलट ने ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति भी मांगी। लेकिन कुछ ही देर बाद विमान तेजी से नीचे आने लगा।
हालात गंभीर होने पर उसने रेडियो पर ‘मेडे’ कॉल दी। विमानन क्षेत्र में इस कॉल का इस्तेमाल गंभीर आपात स्थिति की सूचना देने के लिए किया जाता है। रिकॉर्डिंग में पायलट को विमान के तेजी से नीचे आने और जमीन से टकराने की आशंका जताते सुना जा सकता है।
30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंची गिरने की रफ्तार
जानकारी के मुताबिक, विमान हादसे से पहले करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। नीचे आते समय इसकी अधिकतम वर्टिकल डिसेंट रेट 30 हजार फीट प्रति मिनट तक दर्ज की गई।
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब 12 बजकर 50 मिनट पर हुई। उन्होंने इस घटना पर दुख जताया। हादसे के बाद जांच एजेंसियों ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
600 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि विमान रिहायशी इलाके के पास गिरा था। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र से करीब 600 लोगों को दूसरी जगह पहुंचाया गया। प्रभावित लोगों के लिए दो अस्थायी शेल्टर भी बनाए गए। मौके पर राहत और सुरक्षा से जुड़ी टीमें तैनात की गईं।
22 साल पुराना था विमान
दुर्घटनाग्रस्त बिजनेस जेट का निर्माण 2004 में हुआ था। इस लिहाज से हादसे के समय विमान करीब 22 साल पुराना था।
घटना के वक्त इलाके में तेज बारिश, गरज-चमक और तूफानी मौसम की स्थिति थी। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी खराब मौसम को हादसे की वजह घोषित नहीं किया है।
FAA और NTSB करेंगे जांच
हालांकि, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने जांच में सहयोग के लिए अपनी टीम भेजने की बात कही है। यह टीम नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के साथ मिलकर हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी।
जांच में विमान के तकनीकी रिकॉर्ड, मौसम की स्थिति, एयर ट्रैफिक कंट्रोल से हुई बातचीत और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।
