दिल्ली में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा म्यूजियम, कैबिनेट ने ‘युगे युगीन भारत’ प्रोजेक्ट को दी मंजूरी
दिल्ली के नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में ‘युगे युगीन भारत’ संग्रहालय बनाने की परियोजना को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दी है। करीब 3,230 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस म्यूजियम का डिस्प्ले एरिया एक लाख वर्ग मीटर से अधिक होगा। पहली गैलरी 2027 में खुलने की उम्मीद है।


Yuge Yugeen Bharat Museum: देश की राजधानी दिल्ली में अब भारत के हजारों साल पुराने इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को एक ही छत के नीचे देखने का मौका मिलेगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में ‘युगे युगीन भारत’ राष्ट्रीय संग्रहालय बनाने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। करीब 3,230 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होने वाला यह संग्रहालय लगभग 1.78 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैलेगा। इसका डिस्प्ले एरिया दुनिया के प्रमुख संग्रहालयों से भी बड़ा होने का दावा किया जा रहा है। परियोजना को 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में सजेगा भारत का इतिहास
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस संग्रहालय का निर्माण उन नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में किया जाएगा, जहां फिलहाल सरकारी कार्यालय संचालित नहीं हो रहे हैं। परियोजना के तहत करीब 1,78,509 वर्ग मीटर क्षेत्र का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें एक लाख वर्ग मीटर से अधिक का हिस्सा प्रदर्शनी के लिए भी निर्धारित होगा। संग्रहालय में भारत की प्राचीन सभ्यताओं, ऐतिहासिक घटनाओं, कला, परंपराओं और सांस्कृतिक विकास की झलक देखने को मिलेगी। इसका उद्देश्य देश की विरासत को आधुनिक तकनीक और नए अनुभवों के माध्यम से लोगों के सामने प्रस्तुत करना है।
लूव्र और ब्रिटिश म्यूजियम से भी बड़ा होगा डिस्प्ले एरिया
जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित संग्रहालय का प्रदर्शनी क्षेत्र दुनिया के कई प्रतिष्ठित संग्रहालयों से बड़ा होगा। जिसमें फ्रांस के लूव्र संग्रहालय का डिस्प्ले एरिया करीब 73 हजार वर्ग मीटर, ब्रिटिश म्यूजियम का लगभग 70 हजार वर्ग मीटर और रूस के हर्मिटेज संग्रहालय का करीब 66,800 वर्ग मीटर है। इस लिहाज से ‘युगे युगीन भारत’ संग्रहालय को बड़े प्रदर्शनी क्षेत्र वाले संग्रहालयों में शामिल करने की योजना है। इसके जरिए भारतीय इतिहास को अलग-अलग कालखंडों और विषयों के आधार पर प्रदर्शित किया जाएगा।
रोजाना 30 हजार पर्यटकों के पहुंचने की तैयारी
बता दें, परियोजना में दर्शकों की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां प्रतिदिन करीब 30 हजार लोगों के आने की क्षमता तैयार करने की योजना है। संग्रहालय तक पहुंच आसान बनाने के लिए नजदीकी मेट्रो कनेक्टिविटी भी उपलब्ध होगी। इसके प्रवेश द्वार रकाबगंज गुरुद्वारा और कर्तव्य पथ की ओर रखने की योजना है। खास बात यह होगी कि नॉर्थ और साउथ ब्लॉक की मौजूदा स्थापत्य शैली और ऐतिहासिक पहचान को बरकरार रखते हुए संग्रहालय का विकास किया जाएगा।
2027 में खुल सकती है पहली गैलरी
योजना के अनुसार, इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 के बीच अलग-अलग चरणों में पूरा करने का लक्ष्य है। नॉर्थ ब्लॉक में पहली गैलरी वर्ष 2027 में आम लोगों के लिए खोली जा सकती है। इसे ‘अडॉर्नमेंट’ थीम पर विकसित करने की तैयारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 18 मई 2023 को इस संग्रहालय की परिकल्पना सार्वजनिक की थी। इसके बाद संस्कृति मंत्रालय ने परियोजना की रूपरेखा तैयार की।
टिकट और अन्य सुविधाओं से होगी कमाई
संग्रहालय के संचालन को आर्थिक रूप से टिकाऊ बनाने के लिए कई व्यवस्थाएं प्रस्तावित हैं। टिकट बिक्री के अलावा फूड कोर्ट, कार्यक्रमों, किराये, गाइडेड टूर और दर्शकों को दी जाने वाली अन्य सेवाओं से नियमित आय जुटाने की योजना है। इसे एक राष्ट्रीय सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, आम नागरिकों और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भारतीय इतिहास और विरासत को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। फिलहाल टिकट की कीमत तय नहीं की गई है।
