असम में एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतरे, लोको पायलट बोले- ब्रेक काम नहीं कर रहा
असम के कामरूप जिले के डिगारू स्टेशन पर कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में करीब 50 यात्री घायल हो गए। हादसे से पहले लोको पायलट की तकनीकी खराबी बताने वाला वीडियो सामने आया है।


Assam Train Accident: असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन पर कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हादसे के वक्त का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें लोको पायलट को ट्रेन के सिस्टम में खराबी और ब्रेक काम नहीं करने की बात कहते सुना जा सकता है।
दूसरी लाइन पर ले जाते समय हुआ हादसा
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुताबिक, ट्रेन को डिगारू स्टेशन पर दूसरी लाइन की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की गति कम नहीं हो सकी और वह दूसरी लाइन पर लगाए गए बैरिकेड्स से जा टकराई। टक्कर के बाद इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए लाइन बदलने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
VIDEO में सुनाई दी लोको पायलट की आवाज
बता दें, करीब 45 सेकेंड के वीडियो में लोको पायलट केबिन के भीतर का दृश्य दिखाई देता है। इसमें कंट्रोल पैनल, डिजिटल स्क्रीन और इंजन के दूसरे उपकरण नजर आ रहे हैं। वीडियो में लोको पायलट सिस्टम में गड़बड़ी की बात करते सुनाई देते हैं। वे कहते हैं कि सिग्नल फेल है और इमरजेंसी सिस्टम भी काम नहीं कर रहा। इसके अलावा S9 और A9 के काम नहीं करने का भी जिक्र किया गया है। वीडियो में ब्रेक और अन्य तकनीकी सिस्टम को लेकर परेशानी जाहिर की गई है।
राहत-बचाव के लिए मौके पर पहुंची टीम
वहीं, दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे। प्रभावित डिब्बों से यात्रियों को बाहर निकालने के साथ घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए दूसरी ट्रेन की व्यवस्था भी की गई है। रेलवे की ओर से हादसे की परिस्थितियों और तकनीकी गड़बड़ी की जांच की जा रही है।
