छठ पूजा पर रिलीज हुआ ‘बुलाए छठी मां’, श्रेया घोषाल की आवाज ने बांधा समां; फैंस बोले- जय छठी मैया
छठ पूजा के मौके पर आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का भक्ति गीत ‘बुलाए छठी मां’ रिलीज हो गया है। श्रेया घोषाल और केशव आनंद ने इसे गाया है, जबकि हिमेश रेशमिया ने संगीत दिया है। गाने को सोशल मीडिया पर दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।


Bulaaye Chhathi Maa Song: छठ पूजा के पावन अवसर पर फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के मेकर्स ने नया गाना ‘बुलाए छठी मां’ रिलीज कर दिया है। श्रेया घोषाल और केशव आनंद की आवाज में सजे इस भक्ति गीत को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। सोशल मीडिया पर लोग गाने की तारीफ कर रहे हैं और कमेंट्स में ‘जय छठी मैया’ लिखकर अपनी आस्था जता रहे हैं।
श्रेया घोषाल और केशव आनंद ने दी आवाज
बता दें, ‘बुलाए छठी मां’ को श्रेया घोषाल और केशव आनंद ने अपनी आवाज दी है। गाने का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल मनोज मुंतशिर शुक्ला ने लिखे हैं। गीत में छठ पर्व की परंपराओं, पारिवारिक भावनाओं और छठी मैया के प्रति श्रद्धा को संगीत के जरिए पेश किया गया है। गाने के रिलीज होते ही दर्शकों ने इसकी सराहना शुरू कर दी। खासतौर पर श्रेया घोषाल की गायकी और गीत के भावपूर्ण बोल लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। छठ पूजा के दौरान घर-परिवार और घाटों से दूर रहने वाले लोगों के लिए यह गीत त्योहार की यादों को ताजा करने वाला एहसास दे रहा है।
पहले भी चर्चा में रहे फिल्म के गाने
‘ये प्रेम मोल लिया’ के संगीत को लेकर पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म के गाने ‘ये प्रेम मोल लिया’, ‘जय अंबे बोल’, ‘झुमका पटोला’ और ‘सावन आया है’ भी दर्शकों के बीच काफी ज्यादा लोकप्रिय हुए हैं। मेकर्स के मुताबिक, इन गानों को सभी प्लेटफॉर्म पर मिलाकर 700 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। अब ‘बुलाए छठी मां’ के जरिए फिल्म के संगीत में भक्ति और लोक आस्था का रंग जोड़ा गया है।
पहली बार साथ दिखेंगे आयुष्मान और शरवरी
‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है। इसका निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स ने मिलकर किया है।
27 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
वहीं, यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसे प्यार, रिश्तों और पारिवारिक भावनाओं पर आधारित म्यूजिकल फैमिली एंटरटेनर के रूप में पेश किया जा रहा है। फिल्म के नए गानों के जरिए मेकर्स लगातार दर्शकों के बीच इसका माहौल बनाने में जुटे हैं।
