दिल्ली की जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 4 लोगों की मौत; जानिए कैसे हुआ हादसा?
दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया की जूता फैक्ट्री में शुक्रवार रात आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो की हालत गंभीर है। आग बेसमेंट से शुरू हुई थी। दमकल टीम ने 11 लोगों को बाहर निकाला। फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।


Delhi Factory Fire: दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। फेज-1 स्थित फैक्ट्री में रात करीब 9:30 बजे आग भड़की। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर है।
बेसमेंट से शुरू हुई आग
दिल्ली अग्निशमन सेवा के सहायक मंडल अधिकारी पारस कुमार ने बताया कि फैक्ट्री में जूते-चप्पल बनाने के साथ उनका भंडारण भी किया जाता था। आग सबसे पहले बेसमेंट में लगी थी। इसके बाद दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया। जिसके बाद आग पर काबू पा लिया गया है।

छह लोग मिले बेहोश
दमकल और रेस्क्यू टीमों ने इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए अभियान चलाया। जिसमें छह लोगों को बेहोशी की हालत में निकाला गया और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा पांच लोगों को बिल्डिंग की चौथी मंजिल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। फिलहाल बिल्डिंग में कूलिंग की प्रक्रिया पूरी की जा रही है, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे।
फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से होगी पूछताछ
बता दें, हादसे के बाद फैक्ट्री मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। ठेकेदार और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से भी जानकारी ली जा रही है। फिलहाल आग लगने की असल वजह सामने नहीं आई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किस कारण से शुरू हुई और सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी थी या नहीं।
