भोपाल में वकील से मारपीट पर देर रात तक थाने में हंगामा, वकीलों ने किया प्रदर्शन
भोपाल के जहांगीराबाद थाने में अधिवक्ता राकेश रावल से कथित मारपीट के विरोध में करीब 50 वकीलों ने देर रात तक प्रदर्शन किया। वकीलों ने पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी और लाठी से पीटने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी समेत जिम्मेदार कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
Bhopal News: भोपाल में मंगलवार रात एक अधिवक्ता के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया। घटना के विरोध में करीब 50 वकील जहांगीराबाद थाने पहुंचे और देर रात करीब 3 बजे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
वाहन रोकने के बाद बढ़ा विवाद
अधिवक्ता राकेश रावल (45) के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 8 बजे वे खटलापुरा मंदिर की ओर से गुजर रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उनका वाहन रोक लिया और उन्हें थाने चलने के लिए कहा। उन्होंने वाहन में पेट्रोल नहीं होने की बात कही, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्हें कथित तौर पर कीचड़ में गिराया गया और डंडों से पीटा गया।
चोटों का वीडियो आया सामने
बता दें, इस मामले को लेकर वकीलों की ओर से एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में अधिवक्ता राकेश रावल के पैरों पर चोट के निशान और कपड़ों पर कीचड़ दिखाई दे रहा है। प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने आरोप लगाया कि उनके साथी के साथ पुलिस ने अनुचित व्यवहार किया और मारपीट की।
थाना प्रभारी पर भी कार्रवाई की मांग
वहीं, प्रदर्शनकारी वकीलों ने जहांगीराबाद थाना प्रभारी राजन अहिरवार समेत संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वकीलों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस ने कहा- मामले की जानकारी जुटाई जा रही
मामले में एडिशनल सीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक स्थिति सामने आना बाकी है।
