करैत पकड़कर घर लाए स्नैक कैचर, बच्चों को दिखाते समय डसा; इलाज ना कराने पर मौत
राजगढ़ के ब्यावरा में करैत सांप के डसने से 40 वर्षीय स्नैक कैचर प्रवेश उर्फ पीनू की मौत हो गई। वह सांप पकड़कर घर लाए थे और बच्चों को दिखा रहे थे, तभी हादसा हुआ। शुरुआत में इलाज नहीं कराया गया। हालत बिगड़ने पर भोपाल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

Rajgarh Snake News: राजगढ़ जिले के ब्यावरा में करैत सांप के डसने से 40 वर्षीय स्नैक कैचर प्रवेश उर्फ पीनू की मौत हो गई। पीनू सोमवार रात सुठालिया रोड इलाके से करैत सांप को पकड़कर घर लाए थे। घर पर उन्होंने बच्चों को सांप दिखाया। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के डसने के बाद शुरुआत में उन्होंने इलाज नहीं कराया। बाद में तबीयत बिगड़ने और घबराहट होने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने भोपाल रेफर किया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
एक दशक से कर रहे थे सांपों का रेस्क्यू
परिजनों के अनुसार, प्रवेश उर्फ पीनू करीब 10 वर्षों से सांप पकड़ने और रेस्क्यू करने का काम कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ा था। सोमवार रात भी सुठालिया रोड इलाके में करैत सांप निकलने की सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे।
बच्चों को सांप दिखाने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों ने बताया कि पीनू घर पहुंचने के बाद बच्चों को करैत दिखा रहे थे। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। शुरुआत में उन्होंने इसे गंभीर नहीं माना और तत्काल चिकित्सकीय सहायता नहीं ली। बाद में घबराहट और तबीयत बिगड़ने पर परिवार उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचा। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें भोपाल रेफर कर दिया।
भोपाल ले जाते समय रास्ते में मौत
परिवार के सदस्य पीनू को बेहतर इलाज के लिए भोपाल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। पीनू के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
वहीं, ब्यावरा सिटी थाना प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। बाद में अंतिम संस्कार किया गया।
