Latest

Bajrang Dal Protest : नासिक टीसीएस विवाद पर भोपाल में बजरंग दल का प्रदर्शन, एमपी नगर में नारेबाजी और कार्रवाई की मांग

Bajrang Dal Protest

Bajrang Dal Protest : भोपाल | महाराष्ट्र के नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की इकाई में सामने आए गंभीर आरोपों के विरोध में राजधानी भोपाल में बजरंग दल ने जोरदार प्रदर्शन किया। बुधवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एमपी नगर क्षेत्र में एकत्र हुए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।

एमपी नगर में जुटे कार्यकर्ता, जमकर किया विरोध

प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एमपी नगर क्षेत्र में स्थित मेट्रो स्टेशन के नीचे इकट्ठा होकर जोरदार विरोध जताया। इस दौरान “इस्लामिक जिहाद मुर्दाबाद”, “लव जिहाद बंद करो” जैसे नारे लगाए गए। कुछ कार्यकर्ता दाढ़ी-टोपी वाला पुतला भी अपने साथ लेकर पहुंचे, जिसके जरिए उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया।

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

Couple death case : श्योपुर में घर से भागे प्रेमी जोड़े ने जंगल में की आत्महत्या, पेड़ से लटके मिले शव

गंभीर आरोपों को लेकर जताई नाराजगी

बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि नासिक टीसीएस मामले में सामने आए आरोप बेहद गंभीर हैं और यह सिर्फ एक कंपनी का मामला नहीं, बल्कि समाज से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने इसे “कॉर्पोरेट जिहाद” बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

संगठन ने यह भी कहा कि पीड़ित महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

महिला-पुरुष कर्मचारियों ने लगाए आरोप

जानकारी के अनुसार, नासिक स्थित टीसीएस कार्यालय में 8-9 महिला कर्मचारियों और एक पुरुष कर्मचारी ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में टीम लीडर्स और एचआर मैनेजर पर यौन शोषण, मानसिक प्रताड़ना, धार्मिक दबाव और जबरन धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंध बनाने का लालच देकर उनका शोषण किया गया।

LPG Crisis Raisen: रायसेन में गैस सिलेंडर की किल्लत, उपभोक्ताओं का चक्काजाम

सात आरोपी गिरफ्तार, एसआईटी कर रही जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही राज्य सरकार ने जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है, जो पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रहा है।

इस पूरे मामले को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रतिक्रिया सामने आ रही है। भोपाल में हुआ यह प्रदर्शन भी उसी कड़ी का हिस्सा है, जहां संगठन ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं और आने वाले दिनों में इस केस में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *