हाइलाइट्स
- अंबेडकर जयंती रैली के दौरान सीधी में हिंसा
- बोलेरो हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
- घर में घुसकर पथराव और मारपीट का आरोप
- एक ही परिवार के 4 लोग घायल
- इलाके में 150+ पुलिसकर्मी तैनात
Sidhi Violence News : सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर निकाली जा रही रैली के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया और एक परिवार पर हमला कर दिया गया, जिसमें चार लोग घायल हो गए।
Harda Crime News : हरदा जेल में हत्या के आरोपी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
बोलेरो हटाने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे भीम आर्मी की रैली के दौरान रास्ते में खड़ी एक बोलेरो गाड़ी को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी बात पर कहासुनी बढ़ी और वाहन में तोड़फोड़ की गई।
इसके बाद मनी शुक्ला के विरोध करने पर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद स्थिति हिंसक हो गई।
नकाबपोशों ने घर में घुसकर किया हमला
आरोप है कि करीब 50 नकाबपोश लोग पथराव करते हुए मनी शुक्ला के घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। हमले में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए, जिनमें बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं।
चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर
घायलों में मनी शुक्ला (22) गंभीर रूप से घायल हैं। वहीं रमाकांत शुक्ला (80), अर्चना शुक्ला (40) और दिव्यांश शुक्ला (22) को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
तनाव बढ़ने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। अमिलिया, कमर्जी, बहरी थाना और सिहावल चौकी से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। क्षेत्र में 150 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।