हाइलाइट्स
- नर्मदापुरम में अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम
- प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि और विचार गोष्ठी
- यूपीएससी चयनित श्रेयांश बड़ोदिया का सम्मान
- जय भीम सेना की वाहन रैली
- बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी
Ambedkar Jayanti Narmadapuram : नर्मदापुरम। भारत रत्न, संविधान निर्माता श्रद्धेय बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मंगलवार को जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रतिमा स्थल पर हुआ मुख्य कार्यक्रम
नर्मदापुरम में अजाक्स (अनुसूचित जाति/जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ) द्वारा भाजपा कार्यालय के सामने स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर सोमेश मिश्रा, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष एनआर हरियाले और जिला अध्यक्ष रविशंकर वाल्मीकि ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें नमन किया।
बाबा साहेब के विचारों को किया याद
इस दौरान वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, उनकी प्रारंभिक शिक्षा, संविधान निर्माण में उनकी भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय का प्रतीक है और हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
यूपीएससी चयनित श्रेयांश बड़ोदिया का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान यूपीएससी में चयनित श्रेयांश बड़ोदिया का कलेक्टर सोमेश मिश्रा के हाथों सम्मान किया गया। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने उनका स्वागत कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जय भीम सेना ने निकाली भव्य वाहन रैली
जयंती के अवसर पर जय भीम सेना द्वारा शहर में वाहन रैली भी निकाली गई। डीजे के साथ यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुराने बस स्टैंड स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पहुंची।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, पूर्व जिला कोषालय अधिकारी जीडी बड़ोदिया, श्रेयांश बड़ोदिया सहित ललित डेहरिया, सुमित्रा अहिरवार और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।