हाइलाइट्स
- मुरैना में रेत माफिया का हमला, आरक्षक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या
- वन विभाग की टीम पर कार्रवाई के दौरान हुआ हमला
- अवैध खनन माफिया के बढ़ते हौसलों पर उठे सवाल
- कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
- दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग
Morena Murder : मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने गई वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। दिमनी थाना क्षेत्र के रानपुर गांव चौराहे के पास बुधवार सुबह करीब 6 बजे बदमाशों ने वन रक्षक हरकेश गुर्जर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ट्रैक्टर लेकर फरार, CCTV में कैद
पुलिस के अनुसार, अवैध रेत परिवहन की सूचना पर 6 सदस्यीय वन विभाग टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी रेत से भरी ट्रॉली लेकर भागने लगा।
वन रक्षक हरकेश गुर्जर ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें कुचल दिया और फरार हो गया। पास के पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की तस्वीरें कैद हुई हैं।

मौके पर पहुंचे अधिकारी, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, एसपी समीर सौरभ और डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत कर हालात का जायजा लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग
डीएफओ हरिश्चंद्र बघेल ने दिमनी थाने में आवेदन देकर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। इनमें ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी, मालिक सोनू चौहान और पवन तोमर शामिल हैं। बताया गया है कि ट्रैक्टर सोनू और पवन ने साझेदारी में खरीदा था।
नामजद FIR को लेकर विवाद
घटना के बाद नामजद एफआईआर को लेकर विवाद भी सामने आया है। कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के बेटे बंकू उर्फ कप्तान कंसाना पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और पुलिस पर परिजनों से दबाव में एफआईआर साइन कराने का आरोप लगाया।
RGPV Student Protest : RGPV में कैंटीन बंद, टिफिन पर रोक से भड़के छात्र; देर रात तक प्रदर्शन
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अवैध खनन माफिया खुलेआम कानून के रक्षकों की हत्या कर रहे हैं।
प्रशासन का आश्वासन, जल्द गिरफ्तारी का दावा
कलेक्टर ने बताया कि पुलिस को आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं एडिशनल एसपी सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।