हाईलाइट्स
- NH-46 पर तड़के 4 बजे भीषण हादसा
- ट्राले से टकराकर डिवाइडर से भिड़ी कार
- दो लोगों की मौके पर मौत, चालक घायल
- नागपुर से शाजापुर जा रहे थे तीनों
Narmadapuram Road Accident : नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में औबेदुल्लागंज-बैतूल नेशनल हाईवे-46 पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निटाया के पास तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकराने के बाद डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
RSS Meeting updates : शारदा विहार में आरएसएस की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक, संघ-संगठन-सत्ता का संगम
दो की मौके पर मौत, चालक गंभीर
इस हादसे में कार सवार हिंगनघाट (नागपुर) निवासी 28 वर्षीय विशाल बाड़कुरे और मुलताई के मासोद निवासी 62 वर्षीय ज्ञान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चालक रूपेश गहलोत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
नागपुर से शाजापुर जा रहे थे
जानकारी के अनुसार तीनों लोग कार से नागपुर से शाजापुर जिले के बेरछा में एक रिश्तेदारी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी। चालक का नियंत्रण खोने के बाद कार पहले सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकराई और फिर डिवाइडर से जा भिड़ी।
108 एंबुलेंस ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही इटारसी से 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी विसराम अहिरवार ने घायल चालक को प्राथमिक उपचार दिया और बाद में उसे सरकारी अस्पताल नर्मदापुरम में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
हादसे की सूचना मिलते ही एएसआई दीपक पाराशर मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। परिजनों को सूचना देने के बाद शनिवार सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के पीछे की सटीक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।