हाईलाइट्स
- 3 अप्रैल से भोपाल मेट्रो सुबह 11 से शाम 4:30 बजे तक चलेगी
- 13 की जगह अब केवल 9 फेरे लगाएगी मेट्रो ट्रेन
- सिग्नलिंग और तकनीकी कार्यों के चलते बदली गई टाइमिंग
- सुभाष नगर से एम्स तक 8 स्टेशनों के बीच जारी है संचालन
Bhopal Metro updates : भोपाल। राजधानी में मेट्रो यात्रियों के लिए समय सारणी में एक बार फिर बदलाव किया गया है। 3 अप्रैल, शुक्रवार से भोपाल मेट्रो अब सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक संचालित होगी। इससे पहले मेट्रो सेवाएं दोपहर 12 बजे से रात 7:30 बजे तक चल रही थीं।
Rain Alert MP : मध्य प्रदेश में आज फिर बारिश का अलर्ट, 30 जिलों में ओले गिरने की चेतावनी
कम किए गए फेरे, तकनीकी काम वजह
अधिकारियों के अनुसार सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए मेट्रो संचालन समय में बदलाव किया गया है। नए शेड्यूल के तहत अब मेट्रो 13 की जगह 9 फेरे ही लगाएगी। काम पूरा होते ही सेवाओं को फिर से सामान्य समय पर लाया जा सकता है।
सीमित रूट पर जारी है संचालन
फिलहाल मेट्रो सेवा सुभाष नगर स्टेशन से एम्स तक संचालित हो रही है, जिसमें कुल 8 स्टेशन शामिल हैं। यह रूट अभी ट्रायल और सीमित संचालन के तहत ही चलाया जा रहा है।
टनल निर्माण का काम भी तेज
मेट्रो परियोजना के तहत अंडरग्राउंड टनल का काम भी अब रफ्तार पकड़ने वाला है। टनल बोरिंग मशीन (TBM) को हाल ही में 24 मीटर गहराई तक उतारा गया है और अगले दो-तीन दिनों में खुदाई शुरू होने की संभावना है।
धीमी रहेगी खुदाई की रफ्तार
विशेषज्ञों के अनुसार TBM मशीन सामान्य तौर पर रोजाना करीब 14 मीटर खुदाई कर सकती है, लेकिन भोपाल की पथरीली जमीन के कारण इसकी गति 5 से 7 मीटर प्रतिदिन रहने का अनुमान है। पहली मशीन करीब 50 मीटर टनल तैयार करेगी, जिसके बाद दूसरी TBM भी उतारी जाएगी।
डेढ़ साल में पूरा हो सकता है प्रोजेक्ट
टनल की खुदाई पूरी होने में करीब दो महीने का समय लग सकता है, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। पूरे प्रोजेक्ट को पूरा होने में लगभग डेढ़ साल का समय लगने का अनुमान है। यह टनल ओल्ड रेलवे स्टेशन से पुल पातरा क्षेत्र तक जाएगी, जिसमें अप और डाउन दोनों दिशाओं के लिए अलग-अलग लाइन बनाई जाएंगी।
भोपाल मेट्रो की शुरुआत 20 दिसंबर 2025 को हुई थी। इसके बाद अब तक तीन बार संचालन समय में बदलाव किया जा चुका है।