हाइलाइट्स
-
ऑटो चालक ने सिर मुंडवाकर किया विरोध
-
महिला पर थप्पड़ मारने का आरोप
-
13 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
-
आत्मसम्मान की बात कहकर प्रदर्शन
Vidisha protest news : विदिशा। जिले में एक ऑटो चालक ने कथित मारपीट के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। घटना 7 मार्च की बताई जा रही है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से नाराज चालक ने 13 दिन बाद मुक्तिधाम पहुंचकर सिर मुंडवाकर विरोध दर्ज कराया।
ऑटो चालक ने महिला पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया
पीड़ित ऑटो चालक संतोष लक्ष्मीकांत मूले के अनुसार, 7 मार्च की सुबह एक महिला कर्मचारी उनके ऑटो में बैठकर मेडिकल कॉलेज पहुंची थी।
गेट पर ऑटो रोकने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। चालक का कहना है कि पीछे एंबुलेंस होने के कारण उन्होंने वाहन थोड़ा आगे बढ़ाया, जिससे नाराज महिला ने उन्हें थप्पड़ मार दिया और किराया सीट पर रखकर चली गई।
Betul news : बैतूल में महिला का हंगामा, एसपी ऑफिस की छत पर चढ़कर जहरीला पदार्थ खाया, हालत सामान्य
शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं
घटना के बाद चालक ने थाने और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन उनका आरोप है कि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चालक के मुताबिक, डीन से शिकायत करने के बावजूद कोई कदम नहीं उठाया गया, जबकि मैनेजर ने इसे कॉलेज परिसर के बाहर का मामला बताते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
आत्मसम्मान की बात कहकर किया विरोध
संतोष मूले का कहना है कि इस घटना से उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है।
न्याय नहीं मिलने पर उन्होंने विरोध के तौर पर सिर मुंडवाया और चेतावनी दी कि जब तक संबंधित महिला सामने आकर जवाब नहीं देती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रबंधन और पुलिस का पक्ष
मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्स कर्मचारियों के मैनेजर विकास सिंह राजपूत ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी है और उन्होंने चालक को बातचीत के लिए बुलाया था, लेकिन वह नहीं पहुंचे। उनका कहना है कि बातचीत से विवाद सुलझाया जा सकता है।
वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने कहा कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।