हाइलाइट्स
-
भोपाल में लल्लू रईस के घर और हमीदिया अस्पताल में फायरिंग।
-
बेटे इमरान के पैर में गोली लगी, अफरा-तफरी मची।
-
दो साल पुरानी रंजिश के चलते हमला।
-
पुलिस ने CCTV खंगाले, आरोपी फरार।
Hammidia Hospital Shots Fire : भोपाल। भोपाल में शनिवार तड़के अशोका गार्डन स्थित कुख्यात बदमाश लल्लू रईस के घर पर गैंगवार हुआ। शादाब गेट और उसके गिरोह के 8–10 बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें लल्लू रईस के बेटे इमरान के पैर में गोली लगी।
अस्पताल में भी गोलियां चलीं
घायल इमरान को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लाया गया। आरोप है कि बदमाशों ने अस्पताल परिसर में भी फायरिंग की, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गोलियां अस्पताल की खिड़कियों और दीवारों पर लगीं। लल्लू रईस ने बताया कि अस्पताल में भी उन पर फायरिंग हुई, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।
घर तक पीछा कर आए आरोपी
लल्लू रईस के मुताबिक, शादाब गेट, शावर, गुड्डू स्टेशन और अल्लू परवेज समेत 8–10 लोग सुबह 5:45 बजे शंकर गार्डन स्थित उनके घर पहुंचे। बताया गया कि ये आरोपी इमरान का पीछा करते हुए घर तक आए थे।
Bhopal Meat Smuggling Arrest : भोपाल में गोमांस तस्करी मामला, असलम कुरैशी की जमानत खारिज
जैसे ही इमरान घर पहुंचा, पीछे से उस पर फायर किया गया। जान बचाने के लिए इमरान तुरंत घर में घुसा और गेट लॉक कर लिया। इसी दौरान एक गोली उसके पैर को छूते हुए लगी।
दो साल पुरानी रंजिश और कारण
लल्लू रईस के अनुसार, यह हमला दो साल पुरानी रंजिश का नतीजा है। इमरान ने पहले शादाब गेट के भाई पर हमला किया था, जिसमें उसकी उंगलियां कट गई थीं।
उन्होंने बताया कि आरोपी शहर में जुआ और सट्टे का अवैध कारोबार चलाते हैं। लल्लू रईस इनके काले कारनामों के वीडियो बनाकर उजागर करते हैं, जिससे पुलिस कार्रवाई होती है। इसी वजह से आरोपी उनकी हत्या करना चाहते थे।
एसीपी अनिल बाजपेयी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। हमीदिया अस्पताल के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की तलाश के लिए अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाना क्षेत्र की टीम लगी हुई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।