हाइलाइट्स
-
14 मार्च को रायसेन में यूजीसी बिल के समर्थन में रैली
-
ओबीसी-एसटी-एससी संयुक्त मोर्चा करेगा आयोजन
-
शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एसडीएम कार्यालय तक मार्च
-
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा
UGC Bill Protest : रायसेन। जिले में 14 मार्च को यूजीसी बिल के समर्थन में ओबीसी-एसटी-एससी संयुक्त मोर्चा द्वारा विशाल रैली और ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे दशहरा मैदान में लोगों के एकत्रित होने के साथ होगी, जिसके बाद सुबह 11 बजे रैली निकाली जाएगी।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी रैली
रैली दशहरा मैदान से शुरू होकर भोपाल रोड स्थित भाजपा कार्यालय के सामने से गुजरेगी। इसके बाद यह महामाया चौक और मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचेगी। यहां राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर रायसेन को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
जिलेभर से पहुंचेगा समाज का प्रतिनिधित्व
संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों के अनुसार रैली में जिलेभर से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पिछले एक महीने से व्यापक तैयारी और प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। शहर और गांवों में प्रचार रथ के माध्यम से लोगों से रैली में शामिल होने की अपील की गई है।
ये हैं संयुक्त मोर्चा की प्रमुख मांगें
मोर्चा की प्रमुख मांगों में यूजीसी बिल लागू करना, जातीय जनगणना में ओबीसी, एसटी और एससी के लिए अलग कॉलम देना, 50 प्रतिशत की सीमा हटाकर ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करना और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करना शामिल है।
सामाजिक संगठनों का भी समर्थन
इस कार्यक्रम को कई सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है। अहिरवार समाज संघ ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए समाज के लोगों से बड़ी संख्या में रायसेन पहुंचकर रैली को सफल बनाने की अपील की है।