हाइलाइट्स
- भोपाल के पुराने कंट्रोल रूम तिराहे पर ई-रिक्शा रोकने को लेकर विवाद।
- कथित बदसलूकी के बाद चालक की पत्नी ने जहर खा लिया।
- गुस्साए युवक ने सड़क पर रिक्शा खड़ा कर जाम की स्थिति बनाई।
- पुलिसकर्मी कंट्रोल रूम में जा छिपे, महिला को अस्पताल ले जाया गया।
E-Rickshaw Dispute : भोपाल। शहर के पुराने पुलिस कंट्रोल रूम तिराहे पर गुरुवार दोपहर एक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। ई-रिक्शा चालक युवक से कथित बदसलूकी के बाद उसकी पत्नी ने जहर खा लिया।
गुस्साए युवक ने सड़क के बीच रिक्शा खड़ा कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया और वह पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। हालात बिगड़ते देख दोनों पुलिसकर्मी भागकर पुराने कंट्रोल रूम में जा छिपे।
ई-रिक्शा चालक का नाम नवल कुशवाह उर्फ राहुल बताया गया है। वह अपनी पत्नी पूजा के साथ निजी काम से बाजार जा रहा था। इसी दौरान पुराने कंट्रोल रूम तिराहे पर पुलिसकर्मियों ने ई-रिक्शा रोककर सिग्नल तोड़ने का आरोप लगाया।
नवल का कहना है कि दस्तावेज दिखाने और कथित झूमाझटकी के बाद थाने चलने की धमकी दी गई, जिससे उसकी पत्नी घबरा गई।
थाने चलने की धमकी के बाद पत्नी ने खाया जहर
नवल के मुताबिक, धमकी से डरकर पूजा ने अपने पर्स में रखी चूहामार दवा खा ली। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। नवल ने सड़क पर ही रिक्शा खड़ा कर हंगामा किया और पुलिसकर्मियों से तीखी बहस हो गई। इस दौरान उसने ट्रैफिक चौकी के बाहर खड़ी कुछ पुलिस बाइकों को नुकसान पहुंचाया।
Harda News : हरदा में जलकर 75 से 200 रुपये करने पर बवाल, नपा उपाध्यक्ष ने पुनर्विचार की मांग…
कंट्रोल रूम तक पहुंचा विवाद
स्थिति बिगड़ते देख पुलिसकर्मी पुराने कंट्रोल रूम में घुस गए। नवल भी पीछे-पीछे वहां पहुंच गया। इस बीच पूजा ई-रिक्शा में ही तड़पती रही। अन्य पुलिसकर्मियों की समझाइश के बाद नवल पत्नी को अस्पताल ले जाने के लिए तैयार हुआ और रिक्शा से ही रवाना हुआ।

British Loan Claim : सीहोर के व्यापारी ने ब्रिटेन को बताया कर्जदार, 109 साल पुराने दस्तावेज बने आधार
“पत्नी को कुछ हुआ तो जिम्मेदार पुलिस”
नवल का आरोप है कि चालान भरने के लिए उसके पास पैसे नहीं थे और पुलिसकर्मियों की वजह से ही पत्नी ने यह कदम उठाया। उसका कहना है कि अगर पत्नी को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिसकर्मियों की होगी।
ई-रिक्शा पूजा के नाम पर पंजीकृत है और वह मूल रूप से सागर जिले के बरखेड़ी टांडा गांव की रहने वाली बताई गई है।
ट्रैफिक के सहायक पुलिस आयुक्त अजय बाजपेयी ने बताया कि ई-रिक्शा चालक ने सिग्नल जंप किया था, इसलिए रोका गया। नियमानुसार कार्रवाई की बात सुनते ही वह उत्तेजित हो गया और अभद्रता करने लगा।
महिला को आसपास के निजी अस्पतालों में दिखाए जाने की बात कही गई है। जिन पुलिसकर्मियों ने रिक्शा रोका था, उनके नाम स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी रही और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।