- प्रति सीट टैक्स 12 से बढ़ाकर 18 रुपये करने का विरोध
- नई परिवहन नीति के खिलाफ बस ऑपरेटर नाराज
- कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, तीन प्रमुख मांगें रखीं
- 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
Raisen Bus Strike : रायसेन। नई परिवहन नीति और प्रति सीट टैक्स में बढ़ोतरी के विरोध में रायसेन जिला बस एसोसिएशन ने 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
मंगलवार दोपहर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।
बस ऑपरेटरों का कहना है कि सरकार ने प्रति सीट टैक्स 12 रुपये से बढ़ाकर 18 रुपये कर दिया है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उनका आरोप है कि नई परिवहन नीति से प्रदेश भर के बस मालिक प्रभावित हो रहे हैं और इससे यात्री किराए पर भी असर पड़ सकता है।
एसोसिएशन ने ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली मांग है कि 24 दिसंबर 2025 को राजपत्र में प्रकाशित संशोधन के प्रारूप को वापस लिया जाए। दूसरी मांग, 29 जनवरी 2026 को प्रकाशित संशोधन को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
तीसरी मांग के तहत वर्तमान में लागू बस संचालन व्यवस्था को यथावत रखने की अपील की गई है।
Narmadapuram Crime News : पत्नी ने छोड़ा साथ तो पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला, पति गिरफ्तार…
बस संचालकों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो जिले के सभी बस ऑपरेटर 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
प्रशासन की ओर से फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यात्रियों की नजर अब सरकार और बस ऑपरेटरों के बीच होने वाली आगे की बातचीत पर टिकी है।