Latest

Harda Crime News : 10 साल के बेटे की आंखों के सामने पिता की कुल्हाड़ी-दरांती से हत्या, माँ गंभीर घायल; तीन आरोपी गिरफ्तार

Harda Crime News

Harda Crime News : हरदा। जमीनी रंजिश ने एक परिवार को उजाड़ दिया। छीपाबड़ थाना क्षेत्र के लोनी गांव में रविवार शाम को 50 वर्षीय किसान शिवनारायण चौहान की पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी और दरांती से बेरहमी से हत्या कर दी। उनकी पत्नी राधा चौहान (45) पर भी जानलेवा हमला हुआ, जिनकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। सबसे दर्दनाक बात यह है कि यह खौफनाक वारदात दंपती के 10 साल के बेटे शिवम की आँखों के सामने हुई।

शिवम ने रोते-रोते पुलिस को पूरी घटना सुनाई। उसने बताया कि रविवार शाम करीब 4-5 बजे मम्मी-पापा खेत पर पूजा करके लौट रहे थे। तभी पड़ोसी करण सिंह, उसका बेटा राहुल और बहू मनीषा घात लगाकर बैठे थे। पहले उन्होंने बाइक से टक्कर मारी, फिर कुल्हाड़ी-दरांती निकाल ली। मनीषा ने माँ के बाल पकड़कर गर्दन पर दरांती से वार किया।

Betul News : एक ही दिन में बैतूल पुलिस ने धरे तीन फरार अपराधी, हत्या के प्रयास और SC- ST एक्ट के आरोपी शामिल

शिवम ने माँ को बचाने की कोशिश की तो उसकी उंगलियाँ भी कट गईं। वह चिल्लाता रहा, “पापा को छोड़ दो, मत मारो”, लेकिन आरोपियों ने एक के बाद एक वार करते रहे। शिवम मदद मांगने गांव की ओर भागा और लोगों से गुहार लगाई, लेकिन कोई खेत पर नहीं आया। जब वह लौटा तो पापा जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे और आरोपी भाग चुके थे।

मृतक के बड़े भाई श्याम सिंह चौहान ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 को फोन किया गया था। पुलिस गाँव भी पहुँची, लेकिन कुछ ग्रामीणों ने “कोई घटना नहीं हुई” बता दिया, जिसके बाद पुलिस बिना खेत तक गए वापस लौट गई।

Loco Pilots Strike : लोको पायलटों का विरोध, ड्यूटी पर रहते 48 घंटे का उपवास, रेल मंत्रालय की उदासीनता पर सवाल

श्याम सिंह का कहना है कि मुख्य आरोपी करण सिंह लंबे समय से गांजा बेचता है और इसकी पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन थाना पुलिस ने कभी कार्रवाई नहीं की। इसी लापरवाही की वजह से आज उनके भाई की जान चली गई।

सोमवार सुबह जिला अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने शिवनारायण का शव रखकर आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने और फांसी की सजा देने की मांग की। मासूम शिवम भी अधिकारियों के सामने रोते हुए न्याय मांगता रहा। काफी देर तक शव नहीं उठाने दिया गया।

MP Vidhan Sabha Winter Session : जानलेवा कफ सिरप पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दिग्विजय सिंह ने SIR पर उठाए सवाल

आखिरकार एसडीओपी शालिनी परस्ते और एसडीएम अशोक डेहरिया ने समझाइश की, तब परिजन शव ले जाने को राजी हुए। उन्होंने एसपी और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें आर्थिक मदद और सख्त सजा की मांग की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों – करण सिंह, राहुल और मनीषा को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह विवाद 2020 के एक पुराने मामले और जमीन को लेकर चल रहा था। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जाँच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *