MP SIR Survey News : पिपरिया, नर्मदापुरम। मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR सर्वे) की बीएलओ ड्यूटी निभाकर लौट रहे सहायक शिक्षक सुजान सिंह रघुवंशी की जिंदगी एक ट्रेन हादसे ने छीन ली। शुक्रवार को इटारसी छोर पर रेलवे ट्रैक पार करते समय वे तेज रफ्तार स्पेशल ट्रेन की चपेट में आ गए। दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत भोपाल के बंसल हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सुजान सिंह रघुवंशी पिपरिया के शासकीय गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में सहायक शिक्षक थे। सरदार वार्ड में उन्हें बीएलओ बनाया गया था। सुबह से घर-घर जाकर सर्वे का काम कर रहे थे।
काम खत्म करके वे तहसील कार्यालय निर्वाचन शाखा में रिपोर्ट जमा करने जा रहे थे। तभी इटारसी की तरफ से आती स्पेशल ट्रेन ने उन्हें चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोग और रेलवे कर्मचारी दौड़े। दोनों पैर बुरी तरह जख्मी थे। प्राथमिक उपचार के लिए उन्हें पिपरिया के सरकारी अस्पताल लाया गया। डॉ. देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि बाएं पैर में कमर के पास और दाहिने पैर के पंजे में गहरी चोटें थीं।
हालत गंभीर देखते हुए तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजनों ने सीधे भोपाल के बंसल हॉस्पिटल ले जाना बेहतर समझा। वहां आईसीयू में भर्ती किया गया, पर कुछ घंटे बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
जीआरपी हवलदार योगेश पचौरी ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है। पोस्टमार्टम भोपाल में ही हुआ। शव को पिपरिया लाया जा रहा है। दोपहर में उनका अंतिम संस्कार होगा।
Harda News : शनिवार- रविवार को सभी कर्मचारी रहेंगे हाजिर, इस वजह से किये अवकाश रद्द
विकासखंड शिक्षा अधिकारी एसएल रघुवंशी ने बताया कि सुजान सिंह उनके साडू भाई भी थे। रिटायरमेंट में सिर्फ डेढ़ साल बाकी थे। अच्छे स्वभाव और मेहनती शिक्षक के रूप में उनकी पहचान थी। स्कूल में बच्चों और स्टाफ के बीच उनकी बहुत इज्जत थी।
