Vidisha News : मध्य प्रदेश। विदिशा जिले के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। करीला माता के दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप जीप (क्रमांक MP 04 GB 0776) हिम्मतपुर के पास पुलिया के निकट अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में एक 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों में महिलाएं, बच्चियां और एक डेढ़ साल का मासूम भी शामिल है। गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को तुरंत विदिशा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मृतका की पहचान ग्राम मदनई निवासी लक्ष्मीबाई पति रामस्वरूप कुशवाहा (45) के रूप में हुई है। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए ग्यारसपुर अस्पताल भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। सभी यात्री ग्राम धामनोद और आसपास के गांवों के रहने वाले थे। वे रविवार को करीला धाम गए थे और सोमवार तड़के घर लौट रहे थे।
गंभीर घायलों में पांच महिलाएं, तीन किशोरियां और दो छोटे बच्चे शामिल हैं। इनमें डेढ़ साल का एक बच्चा भी है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। ड्राइवर मनोहर कुशवाहा (30), एक अन्य महिला, 15 साल की एक लड़की और 5 साल की बच्ची को मामूली चोटें आई हैं। उनका इलाज ग्यारसपुर अस्पताल में ही चल रहा है।
Bhopal Drug Case : भोपाल ड्रग्स कांड में नया खुलासा, अक्सा खान की CDR से मिले 5 संदिग्ध नंबर
हादसे की सूचना मिलते ही हैदरगढ़ और ग्यारसपुर पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया गया है। ड्राइवर के खिलाफ धारा 304A, 337, 338 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वाहन की तकनीकी जांच भी करा रही है।