MP Suicide Case : जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के बरेला इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 37 साल के बर्तन व्यापारी सचिन सोनी ने अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंध और ससुराल वालों की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर सल्फास नामक जहर खा लिया। मौत से ठीक पहले सचिन ने अपना एक मिनट का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने साफ-साफ अपनी पत्नी दिव्यानी सोनी, ससुर सतीश सोनी और साली शिवानी को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
वीडियो में सचिन ने कहा कि शादी के बाद से ही वह मानसिक तनाव में जी रहा था और अब जीने की इच्छा खत्म हो गई है। घटना एक नवंबर की बताई जा रही है, लेकिन वीडियो सोमवार को वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
बरेला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दिव्यानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि सचिन को और कौन-कौन प्रताड़ित कर रहा था।
सचिन सोनी बरेला के बमबमपुरा वार्ड नंबर 11 का रहने वाला था। वह स्थानीय बाजार में बर्तन की दुकान चलाता था। परिवार वालों के मुताबिक, सचिन की शादी 2018 में मनेरी की रहने वाली 25 साल की दिव्यानी से दादा दरबार में धूमधाम से हुई थी।
शादी सम्मेलन में हुई थी और दोनों के दो छोटे बच्चे हैं – एक पांच साल का और दूसरा सिर्फ एक साल का। शुरूआती कुछ साल तो सब ठीक चला, लेकिन बाद में पति-पत्नी के बीच झगड़े बढ़ने लगे।
परिजनों का आरोप है कि दिव्यानी का बरेला में ही किसी स्थानीय युवक से अवैध संबंध था। सचिन को जब यह पता चला तो उसने पत्नी को समझाया और बात करना बंद करने को कहा लेकिन इसके उलट दिव्यानी भड़क गई।
दिव्यानी ने अपने मायके वालों को बता दिया कि सचिन उसके साथ मारपीट करता है। ससुराल वालों ने मिलकर सचिन को घरेलू हिंसा का आरोपी बनाने की धमकी दी और पूरे परिवार को फंसाने की बात कही।
परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले सचिन घर लौटा तो दिव्यानी को फोन पर किसी से बात करते पाया। मोबाइल चेक करने पर अफेयर का पता चला। सचिन ने डांटा तो दिव्यानी ने उल्टा शिकायत कर दी। वह मायके चली गई और लगातार फोन पर धमकियां देने लगी। दिव्यानी ने महिला थाने में सचिन के खिलाफ घरेलू हिंसा की एफआईआर भी दर्ज कराई।
High Alert in MP : लाल किला ब्लास्ट के बाद एमपी में हाई अलर्ट, पुलिस ने इन शहरों में बढ़ाई चौकसी
जैसे ही सचिन को पुलिस केस का पता चला, वह पूरी तरह टूट गया। इससे पहले भी वह पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर जहर खा चुका था, लेकिन तब जान बच गई थी। इस बार एक नवंबर को सचिन खेतों की तरफ गया और सल्फास खा लिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में सचिन की आवाज कांपती हुई सुनाई देती है। वह कहता है, “2018 में सम्मेलन से मेरी शादी दिव्यानी से हुई थी। मैं उससे बहुत परेशान हूं। मेरी मौत का कारण पत्नी दिव्यानी, ससुर सतीश सोनी और साली शिवानी होंगे।
इन लोगों के टॉर्चर से मैं तंग आ चुका हूं।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सचिन के परिजनों ने वीडियो के आधार पर ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कराया।
MP Fraud Case : पुलिस कॉन्स्टेबल बनाने का लालच देकर ठगे 6 लाख, फेक कॉन्स्टेबल अजय पाटीदार गिरफ्तार
बरेला पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद सचिन के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। दिव्यानी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
अब यह पता लगाया जा रहा है कि दिव्यानी का अफेयर किससे था और ससुराल में और कौन-कौन सचिन को मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। पुलिस का कहना है कि केस में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।