Uma Bharti Statement : भोपाल। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती लंबे विराम के बाद फिर सक्रिय हो गई हैं। गोपाष्टमी के अवसर पर बुधवार को भोपाल के दुर्गा-हनुमान मंदिर, अयोध्या बायपास पर आयोजित ‘विराट गौ संवर्धन संकल्प सभा’ में उन्होंने भ्रष्टाचार पर सीधी चोट की। उमा ने कहा कि राजनीति से पैसा कमाने वाले इसे नर्क बनाते हैं। राजनीति में सेवा से मोक्ष मिलता है। उन्होंने बिना नाम लिए कहा, “क्लर्क के घर से करोड़ों निकल रहे हैं। छोटे कर्मचारियों के घर से भी करोड़ों। अगर केंचुए के घर में इतना है, तो अजगर के घर में कितना होगा?”
MP Weather Today : ‘मोंथा’ साइक्लोन साथ बारिश के दो सिस्टम एक्टिव , 11 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट
उमा भारती ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य काम कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य है। लेकिन मध्य प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभी बहुत काम बाकी है। उन्होंने तमिलनाडु और उत्तराखंड का उदाहरण दिया। वहां ये सुविधाएं बेहतर हैं। MP को इनसे सीखना चाहिए।
पीएम मोदी की तारीफ, मंत्रियों को लगाम
उमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की। कहा कि उनकी सरकार आने के बाद अधिकारियों और नेताओं पर लगाम लगी। मोदी जी जैसा PM होने से मंत्रिमंडल के लोग ज्यादा खर्च भी नहीं कर सकते। एक मंत्री ने विवाह में ज्यादा फिजूलखर्ची की तो उन्हें टोका। दूसरे मंत्री अपनी पत्नी को लेकर विदेश गए। उन्हें कहा गया कि भले अपना खर्चा हो, लेकिन यह संपत्ति का वल्गर प्रदर्शन है। नेता आदर्श उदाहरण दे।
राजनीति में सेवा, गौ-गंगा पर संकल्प
उमा ने अपनी राजनीतिक यात्रा पर भी खुलकर बोला। कहा कि मंत्री तो पिंजरे का शेर बन जाता है। मैंने खुले शेर की तरह काम किया। न अपनी मर्जी से आई, न गई। अशोक सिंघल के कहने पर BJP में आई। राजनाथ सिंह ने फोन कर चुनाव लड़ने को कहा। गंगा सफाई का काम किया। 2019 में प्रचार किया। छुटभैये नेता मेरे साथ खड़े होने से डरते हैं। सिर्फ फोटो और सेल्फी लेते हैं।
उमा ने MP में शराबबंदी की लड़ाई का जिक्र किया। कहा कि इसके बाद नीति बनी। अहाते खत्म हुए। नई दुकानें नहीं खुलीं। समाज को आगे आना चाहिए। उन्होंने गौ संरक्षण जनजागरण अभियान की शुरुआत की। 4 नवंबर से प्रयागराज में गंगा अभियान शुरू होगा। PM से अपील कि गौ-गंगा कार्य खुद पूरा करें।
लाड़ली बहनों को गाय दें
सभा में 11 प्रस्ताव पास हुए। उमा ने सुझाव दिया कि लाड़ली बहनों को दी जाने वाली धनराशि के साथ एक-एक गाय दें। इससे महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी। बंजर भूमि पर गोचर विकसित करें। आम जनता से गौ-गंगा संवर्धन में योगदान की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक गंगा निर्मल और गौ सुरक्षित न हों, राम का कार्य अधूरा। राजनीति टाली, लेकिन छोड़ी नहीं।