CM Mohan Yadav: भोपाल। मध्य प्रदेश में आज कई अहम गतिविधियां होने जा रही हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सिवनी में आयोजित राज्य स्तरीय धान महोत्सव में किसानों को करोड़ों रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी करेंगे और विकास कार्यों की सौगात देंगे, वहीं जबलपुर में एक विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। और दूसरी तरफ, रेल यात्रियों के लिए भी अच्छी खबर है, क्योंकि आज से कानपुर सेंट्रल-मदुरै साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू हो रहा है, जिससे भोपाल मंडल के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
सीएम सिवनी में धान महोत्सव और किसान सम्मेलन में शामिल होंगे
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह सिवनी पहुंचकर राज्य स्तरीय धान महोत्सव एवं किसान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे किसानों को संबोधित करेंगे और कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ भी वितरित करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री जबलपुर रवाना होंगे, जहां पर वे ‘गौरव शिखर सम्मान-2026’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम तक वे भोपाल लौट आएंगे।
Bhopal News: भोपाल में करंट लगने से टी स्टॉल संचालक की मौत, ठेले से गिरने पर सिर में आई गंभीर चोट
करीब 4 हजार किसानों के खातों में आएगी प्रोत्साहन राशि
धान महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 3,941 कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों के बैंक खातों में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि ट्रांसफर करेंगे।
प्रदेश सरकार श्रीअन्न (मोटे अनाज) की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसानों को 1,000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि प्रदान कर रही है। सरकार का मानना है कि इससे मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।
सिवनी को 494 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान सिवनी जिले को 494.16 करोड़ रुपये की लागत वाले 629 विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। इनमें 349.33 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 144.83 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के हाथों होगा। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रेल यात्रियों के लिए आज से नई स्पेशल ट्रेन
रेल यात्रियों के लिए भी आज राहत भरी खबर है। कानपुर सेंट्रल-मदुरै साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन आज से शुरू हो रहा है। यह ट्रेन पश्चिम मध्य रेलवे के बीना, भोपाल और इटारसी स्टेशनों पर भी रुकेगी। इस नई ट्रेन के शुरू होने से मध्य प्रदेश के यात्रियों को दक्षिण भारत के प्रमुख शहर मदुरै तक बिना ट्रेन बदले सीधी यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
भोपाल मंडल के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
नई स्पेशल ट्रेन से भोपाल मंडल के यात्रियों को सबसे अधिक फायदा होगा। भोपाल, बीना और इटारसी से यात्रा करने वाले लोग अब सीधे मदुरै तक सफर कर सकेंगे। रेलवे ने फिलहाल यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के पांच फेरे संचालित करने का निर्णय लिया है। आने वाले समय में यात्रियों की संख्या के आधार पर इसके संचालन को आगे बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।
MP Rain Alert : मध्य प्रदेश में मानसून की जोरदार दस्तक, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट