Bhopal Road Accident: भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एमपी नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक सड़क हादसे ने लोगों को दहला दिया है। तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से एक कार बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में कार सवार दो युवकों को हल्की चोटें आईं, जबकि ट्राला चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
जाने कैसे हुआ हादसा
जानकारी के तहत, 22 वर्षीय लक्ष्मण गौड़ अपने दोस्त अनिमेष यादव के साथ किसी निजी काम से कोलार की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों व्यापम चौराहे से 6 नंबर की तरफ मुड़े, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्राले ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी अचानक और तेज थी कि कार संतुलन खो बैठी और सड़क पर पलट गई। आसपास मौजूद लोगों ने हालत को देखते हुए तुरंत मदद के लिए आगे आए।
मौके पर अफरा-तफरी, चालक फरार
इस हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और ट्राले को जब्त कर लिया।पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।
गनीमत रही कि हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल नहीं हुए। उन्हें हल्की चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि कार को काफी नुकसान पहुंचा है।