Betul Crime News: बैतूल। बहू को मायके से विदा कराकर घर लाने गया एक परिवार शायद यह सोच भी नहीं सकता था कि कुछ ही देर में खुशी का माहौल मातम में बदल जाएगा। रिश्तेदारी निभाने पहुंचे परिवार के लोगो के साथ एक मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार सदमे में है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
बहू को लेने पहुंचे थे परिजन
जानकारी के मुताबिक, मरामझिरी क्षेत्र निवासी प्रवीण मरकाम अपने परिवार के साथ बड़े बेटे की पत्नी को लेने ग्राम जूनापानी गए थे। परिवार के लोग बहू को विदा कराकर घर लाने की तैयारी में थे। इसी दौरान एक छोटी सी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।
पानी को लेकर शुरू हुई कहासुनी
बताया जा रहा है कि बहू के परिजनों ने मेहमानों को पानी पीने के लिए दिया था। परिवार के लोगों ने यह कहते हुए पानी पीने से मना कर दिया कि वे रास्ते में ही पानी पीकर आए हैं। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में झगड़े में बदल गई।
Rajgarh News: राजगढ़ में दर्दनाक हादसा, प्याज की फसल बचाने गए काका-भतीजे पर गिरी बिजली, दोनों की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। और आरोप है कि बहू के परिजनों ने प्रवीण मरकाम के परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान 25 वर्षीय आकाश मरकाम और उनके बड़े भाई 28 वर्षीय विशाल मरकाम गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले टूट गया परिवार
घटना के बाद दोनों घायलों को पहले भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आकाश मरकाम को मृत घोषित कर दिया। वहीं विशाल मरकाम का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है।
मेडिकल स्टोर चलाता था आकाश
मृतक के पिता प्रवीण मरकाम ने बताया कि उनका छोटा बेटा आकाश मरकाम सोनाघाटी में मेडिकल स्टोर का संचालन करता था। वहीं बड़ा बेटा विशाल मरकाम वन विभाग में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी के रूप में काम करता है।
Women Teachers CLC Leave: महिला शिक्षकों के लिए खुशखबरी! अब CLC पर भी दर्ज होगी उपस्थिति
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।