Rajgarh News : राजगढ़। खेत में मेहनत से तैयार की गई फसल को बचाने की कोशिश कर रहे काका-भतीजे को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पल में एक बड़ा हादसा उनका इंतजार कर रहा है। राजगढ़ जिले के सारंगपुर इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से काका और भतीजे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।
मौसम बदला और खेत में मची हफरा – तफरी
जानकारी के तहत, सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुलखेड़ी कलां निवासी 43 वर्षीय विष्णु प्रसाद भिलाला अपने भतीजे रामदयाल भिलाला के साथ खेत पर काम कर रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे अचानक मौसम बदल गया और बारिश के आसार बनने लगे। खेत में रखी प्याज की फसल खराब न हो जाए, इसलिए दोनों उसे सुरक्षित करने में जुट गए।
Women Teachers CLC Leave: महिला शिक्षकों के लिए खुशखबरी! अब CLC पर भी दर्ज होगी उपस्थिति
प्याज ढंकते समय गिरी आकाशीय बिजली
बारिश से फसल बचाने के लिए काका-भतीजे महुआ के पेड़ के नीचे रखी प्याज को ढंक रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। वज्रपात इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एक ही परिवार के दो लोगों की अचानक मौत से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन को जानकारी दी गई। वहीं क्षेत्रीय विधायक एवं राज्य मंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है।