MP Weather Alert: भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक से पहले लगातार मौसम अपनी करवट बदल रहा है। कहीं तेज गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश और आंधी का दौर शुरू हो गया है। साथ ही मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 24 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया है। कुछ जिलों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की सम्भावना है।
बारिश के बाद भी नहीं मिली गर्मी से राहत
आपको बता दें कि, रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और बौछारें पड़ीं, लेकिन इसके बावजूद गर्मी और उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। भोपाल समेत कई शहरों में हवा में नमी बढ़ने से दिनभर चिपचिपी गर्मी महसूस की गई है।
रायसेन में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज
मौसम विभाग के तहत, रविवार को रायसेन जिले में सबसे ज्यादा 61 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं सतना में 18 मिमी, खजुराहो में 9 मिमी, जबलपुर और नौगांव में 4-4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
कई जिलों में चली तेज आंधी
इसके साथ ही कई जिलों में काफी तेज़ अँधियो का भी घेरा रहा है, जैसे सिवनी, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडोरी और विदिशा में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। वहीं रायसेन, सागर, दमोह, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई।
अगले चार दिन बढ़ सकती है परेशानी
मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। ऐसे में दिन के समय गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है।
इन जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
आज सोमवार को पूर्वी मध्य प्रदेश के 20 और पश्चिमी मध्य प्रदेश के 4 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।