Sehore news: सीहोर। सीहोर जिले के बिजोरी गांव में इन दिनों बिजली के बढ़े हुए बिजली बिल लोगों की परेशानी का कारण बने हुए हैं। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर सहायक यंत्री कार्यालय पहुंचे।
उनका कहना है कि जिन घरों में पहले 100 से 200 रुपए तक बिजली बिल आता था, अब वहीं हजारों रुपए के बिल भेजे जा रहे हैं। बढ़े हुए बिलों से परेशान ग्रामीणों ने विभाग पर लापरवाही और मनमानी का आरोप लगाया है।
नए मीटर लगते ही कई गुना बढ़ गए बिल
ग्रामीणों का कहना है कि पहले उनके घरों में हर महीने 100 से 200 रुपए तक का बिजली बिल आता था, लेकिन नए मीटर लगने के बाद बिल हजारों रुपए में पहुंच गए हैं। किसी के घर 5 हजार रुपए का बिल आया है तो किसी को 15 हजार, 20 हजार और यहां तक कि 30 हजार रुपए तक का बिल थमा दिया गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी बिजली खपत पहले जैसी ही है। उनका कहना है कि आज भी अधिकांश घरों में 100 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च नहीं होती, फिर भी बिलों में अचानक इतनी बढ़ोतरी समझ से परे है।
MP crime news: मूंग बेचने आए किसान पर चाकू से हमला, मामूली विवाद में गर्दन और कमर पर किए वार
हाई वोल्टेज से जले थे उपकरण
ग्रामीणों ने बताया कि 2 फरवरी को गांव में अचानक हाई वोल्टेज की समस्या आई थी। इस दौरान कई घरों के बिजली उपकरण खराब हो गए थे। इसकी शिकायत बिजली विभाग को की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान होने में काफी समय लग गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद विभाग ने नए मीटर लगाने में करीब चार महीने लगा दिए। वहीं मीटर लगने के कुछ समय बाद ही भारी-भरकम बिल भेज दिए गए, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
स्मार्ट मीटर हटाने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीण अब बढ़े हुए बिलों में सुधार और स्मार्ट मीटर हटाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि वे गलत बिजली बिलों का भुगतान नहीं करेंगे और जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।