Road Accident Harda : हरदा। हरदा जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में रेलवे के पांच कर्मचारी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बोलेरो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
केबल डालने का सामान लेकर जा रही थी टीम
जानकारी के मुताबिक रेलवे के टेक्नीशियन संतोष दुबे अपनी टीम के साथ हरदा स्टेशन से खिरकिया स्टेशन की ओर जा रहे थे। टीम में तीन टेक्नीशियन, एक हेल्पर और बोलेरो चालक शामिल था। और वे बिजली से जुड़ा सामान लेकर केबल डालने के काम के लिए रवाना हुए थे।
ग्राम बारंगी के बस स्टैंड के पास एक यात्री बस सवारियां बैठाने के लिए रुकी हुई थी। बस के पीछे रेलवे कर्मचारियों की बोलेरो भी खड़ी थी। इसी दौरान मसनगांव की तरफ से आए एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बोलेरो में टक्कर मार दी।
MP crime news: मूंग बेचने आए किसान पर चाकू से हमला, मामूली विवाद में गर्दन और कमर पर किए वार
पहले बस से टकराई, फिर पेड़ से जा भिड़ी बोलेरो
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो आगे खड़ी बस से टकराने के बाद सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
ड्राइवर के पैर में फ्रैक्चर, आरोपी चालक फरार
हादसे में बोलेरो चालक राधाशरण सांखला के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं रेलवे कर्मचारी राजेंद्र जाट, लेखपाल माहौर, संतोष दुबे और हेल्पर रामदास को भी चोटें आई हैं। दो घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन कर्मचारियों का इलाज रेलवे अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।