Latest

EV Showroom Fire : इंदौर में EV शोरूम में भीषण आग, 20 लोग फंसे; पड़ोसियों ने रस्सी और सीढ़ी से बचाई जान

EV Showroom Fire : इंदौर। इंदौर में शुक्रवार सुबह लसूड़िया क्षेत्र में स्थित एक इलेक्ट्रिक वाहन (EV) शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे ऊपर बने अपार्टमेंट में रहने वाले करीब 20 लोग धुएं और लपटों के बीच फंस गए। हालात ऐसे थे कि नीचे उतरने का रास्ता पूरी तरह बंद हो चुका था। इसी बीच पड़ोसियों ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए छतों के बीच सीढ़ियां लगाईं और रस्सियों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।

E Governance Awards 2026 : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी बधाई, मध्यप्रदेश को मिले ई-गवर्नेंस के दो राष्ट्रीय पुरस्कार

अचानक धुएं और लपटों से मची अफरा-तफरी

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे शोरूम के ग्राउंड फ्लोर में आग लग गई। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। आग लगने के समय ऊपरी मंजिल पर बने फ्लैट्स में लोग सो रहे थे।

शोरूम से उठ रहे धुएं और लपटों के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। जब वे नीचे उतरने की कोशिश करने लगे तो देखा कि सीढ़ियों तक आग और धुआं फैल चुका है, जिससे बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया।

CM Mohan Yadav : मुख्यमंत्री ने दी 4,000 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात पर आभार, कहा– चार जिलों के विकास को मिलेगा नया रास्ता

पड़ोसियों ने दिखाई बहादुरी

फ्लैट्स में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर पास की मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में रहने वाले लोग मदद के लिए आगे आए। उन्होंने तुरंत सीढ़ियों और रस्सियों का इंतजाम किया और आग में फंसे लोगों को छत पर पहुंचने के लिए कहा।

इसके बाद दोनों इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां लगाकर अस्थायी रास्ता बनाया गया। कुछ लोग सीढ़ियों के सहारे दूसरी इमारत की छत तक पहुंचे, जबकि कुछ को रस्सियों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया।

इस सब के बीच राहत की बात यह रही कि आग फ्लैट्स तक नहीं पहुंची, जिससे वहां रहने वाले लोगों का घरेलू सामान सुरक्षित बच गया। हालांकि, ग्राउंड फ्लोर पर स्थित इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में रखा सामान और कई इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गए।

Petrol Diesel Theft : जबलपुर में पेट्रोल-डीजल चोरी का खुलासा, टैंकर चालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

एक घंटे में आग पर पाया काबू

फायर ब्रिगेड अधिकारी शोभाराम मालवीय ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दो टैंकर पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। इस घटना में पड़ोसियों की सतर्कता और साहस के कारण बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *