NEET Protest Bhopal : भोपाल। NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
Burhanpur Fire News : बुरहानपुर में तीन मंजिला रस्सी के गोदाम में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने शुरू हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सीएम हाउस का घेराव करने के लिए मार्च निकाला।
रेडक्रॉस चौराहे पर पुलिस ने रोका मार्च
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार समेत कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पांच बार वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
दिग्विजय सिंह समेत कई नेता हिरासत में
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार नेताओं को बसों के माध्यम से रातीबड़ थाने ले जाया गया। गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही प्रदर्शनकारी और अधिक आक्रोशित हो गए और विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान लाठीचार्ज किया गया, जिसमें NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
कई वरिष्ठ नेता भी प्रदर्शन में शामिल
गिरफ्तार किए गए नेताओं में दिग्विजय सिंह के अलावा पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, सिलवानी विधायक देवेंद्र पटेल, पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल तथा कांग्रेस नेता मोहित रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में NSUI और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल बताए गए हैं।
NEET विवाद को लेकर बढ़ा राजनीतिक विरोध
NEET परीक्षा को लेकर देशभर में जारी विवाद के बीच भोपाल का यह प्रदर्शन राजनीतिक और छात्र संगठनों की नाराजगी का बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है। कांग्रेस और NSUI ने परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Bhopal Drug Racket : भोपाल ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़, तीन लेयर में चल रहा था नेटवर्क, 10 गिरफ्तार