Narmadapuram News : नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के माखननगर थाना क्षेत्र में खेतों से पानी की मोटर, स्टार्टर और केबल चोरी करने के मामले में किसानों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से करीब 40 हजार रुपए कीमत के 5 स्टार्टर और बिजली के तार बरामद किए गए हैं।
ग्राम फुरतला में मंगलवार रात किसानों ने खेत के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे युवक को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान चंदू राजपूत (30 वर्ष), पिता इंद्रराज सिंह राजपूत, निवासी फुरतला के रूप में हुई है।
Fire Incident : वेयरहाउस में गेहूं से भरे ट्रैक्टर में लगी आग, खरीदी केंद्र पर मची अफरा-तफरी
6 किसानों के खेतों में चोरी की बात कबूली
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने आसपास के लगभग 6 किसानों के खेतों से स्टार्टर और केबल चोरी किए थे। इसके बाद किसानों ने उसे माखननगर पुलिस को सौंप दिया।
इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसान परेशान हैं और अब रात में खुद अपने खेतों की निगरानी कर रहे हैं। माखननगर थाना पुलिस के एएसआई अशोक काटोले ने बताया कि किसान सुनील राजपूत की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई।
20 दिनों में तीसरा मामला
पिछले 20 दिनों में यह तीसरी चोरी की घटना है जिसमें ग्रामीणों ने चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। इससे पहले सिमरोदा और आरी गांव में भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।