हाइलाइट्स
- हरचंद में अनाज मंडी के पास खड़े ट्रक में लगी आग
- 8 से 10 फीट ऊंची उठीं आग की लपटें
- ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
- स्टेट हाईवे-22 पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित
MP highway accident : नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले के सेमरी हरचंद क्षेत्र में नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे-22 पर शुक्रवार रात करीब 9 बजे एक 12 चक्कों वाले ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक अनाज मंडी के पास खड़ा था और उसमें सीमेंट भरी हुई थी। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और 8 से 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं।
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
आग लगते ही ड्राइवर ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। जैसे-जैसे आग बढ़ती गई, ट्रक के टायर एक-एक कर फटने लगे। तेज धमाकों की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने रोकी हाईवे पर आवाजाही
घटना की सूचना मिलते ही सेमरी हरचंद पुलिस चौकी प्रभारी आकाशदीप पचाया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने स्टेट हाईवे-22 पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही बंद कर दी, ताकि कोई अन्य दुर्घटना न हो।
दो जगहों से बुलाई गई दमकल
आग बुझाने के लिए माखननगर और सोहागपुर से फायर ब्रिगेड बुलाई गई। दमकल टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था।

आग लगने का कारण अज्ञात
एसडीओपी संजू चौहान ने बताया कि ट्रक की केबिन में अचानक आग लगने की सूचना मिली थी। ट्रक में सीमेंट भरी थी और वह मंडी के पास खड़ा था। आग किस कारण लगी, इसका अभी पता नहीं चल सका है। ड्राइवर की तलाश कर उससे पूछताछ की जाएगी।
Rajgarh weather news : राजगढ़ में कोहरा और बादलों से बढ़ी ठंड, बारिश का असर जारी
कुछ समय तक प्रभावित रहा यातायात
आग की घटना के कारण स्टेट हाईवे-22 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर बाद में यातायात सामान्य कराया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।