हाइलाइट्स
- भोपाल में दर्दनाक सड़क हादसा।
- ट्रैक्टर ट्राली और लोडिंग में भिड़ंत।
- एक दर्जन लोग घायल, पाँच की मौत।
Bhopal Accident : भोपाल, मध्य प्रदेश। राजधानी भोपाल से सटा बैरसिया रोड आज एक भीषण सड़क हादसे का गवाह बना। विधा विहार स्कूल के पास ट्रैक्टर-ट्राली और एक लोडिंग वाहन के बीच जोरदार भिड़ंत में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सभी मृतक विदिशा जिले के सिरोंज के बताए जा रहे हैं।
नर्मदा स्नान के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, सिरोंज के ये श्रद्धालु मकर संक्रांति के मौके पर नर्मदापुरम में नर्मदा स्नान के लिए ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर जा रहे थे। रात में तेज रफ्तार से चल रही लोडिंग वाहन ने सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों का इलाज जारी
घायलों को तुरंत मौके से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। एसडीएम और पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल ले रही है। बैरसिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। ड्राइवरों की पहचान और जांच की जा रही है। घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है। प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं। उम्मीद है कि घायल जल्द स्वस्थ हो जाएंगे।