हाइलाइट्स
- मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं को आरिफ मसूद कराएंगे मां दुर्गा के सिद्ध धाम सलकनपुर में दर्शन।
- पतंग उड़ा कर लड्डू, गजक खिलाकर मनाई जाएगी मकर संक्रांति।
- आज शाहपुरा झील पार्क में सुबह 10 बजे मकर संक्रांति का कार्यक्रम।
Makar Sankranti 2026 : भोपाल। मकर संक्रांति के मौके पर कांग्रेस ने एक अनोखा और सद्भाव का संदेश देने वाला कार्यक्रम तैयार किया है। भोपाल के मुस्लिम विधायक आरिफ मसूद जनता के साथ धूमधाम से मकर संक्रांति मनाएंगे। इस दौरान वे “मोहब्बत की पतंग” उड़ाएंगे और श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के प्रसिद्ध सिद्ध धाम सलकनपुर में दर्शन कराने के लिए बसों का काफिला ले जाएंगे।
शाहपुरा झील पार्क में होगा कार्यक्रम
कार्यक्रम आज (14 जनवरी) सुबह 10 बजे शाहपुरा झील पार्क में शुरू होगा। यहां पतंगबाजी के साथ लड्डू और गजक खिलाकर त्यौहार की शुरुआत होगी। इसके बाद श्रद्धालु बसों में सवार होकर सलकनपुर मंदिर के लिए रवाना होंगे।
आरिफ मसूद ने कहा कि मकर संक्रांति सबका त्यौहार है। यह मौका सद्भाव, एकता और मोहब्बत का संदेश देने का है। हम सब मिलकर पतंग उड़ाएंगे और मां दुर्गा के दर्शन करेंगे।
यह कार्यक्रम सभी धर्मों के लोगों के लिए खुला है। बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होने वाले हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी इस आयोजन में भाग ले रहे हैं।
मकर संक्रांति पर सूर्य उत्तरायण में प्रवेश करता है। इस दिन स्नान, दान और पतंगबाजी की परंपरा है। सलकनपुर मंदिर मां दुर्गा का प्रसिद्ध सिद्ध पीठ है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। बसों का काफिला वहां दर्शन के लिए जाएगा।