MP Weather Update : भोपाल। मध्य प्रदेश में इस बार सर्दी ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। नवंबर में 84 साल की सबसे ज्यादा ठंड दर्ज हुई, जबकि दिसंबर ने पिछले 25 साल का रिकॉर्ड ब्रेक कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार जनवरी में भी कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और शीतलहर जारी रहने की संभावना है।
नए साल की शुरुआत में कई इलाकों में माइनस जैसी ठंड महसूस की जा रही है। उत्तर भारत के पहाड़ों में बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर एमपी पर पड़ रहा है। 12-13 किमी ऊंचाई पर जेट स्ट्रीम की रफ्तार 278 किमी/घंटा तक पहुंच गई, जिससे ठंडी-बर्फीली हवाएं तेज हो गईं। सुबह-शाम घना कोहरा, दिन में कोल्ड डे और रात में शीतलहर जैसी स्थिति है।
MP New Year Gift : नए साल की सौगात, मोहन सरकार का लक्ष्य- हर खेत तक सिंचाई पानी
सबसे ठंडे शहर और तापमान
बड़े शहरों में इंदौर सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 7.2 डिग्री दर्ज हुआ। भोपाल में 9 डिग्री, जबलपुर में 8.2 डिग्री रहा। करीब 25 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया। नए साल की पूर्व संध्या पर भी प्रदेश ठिठुरता रहा, लेकिन लोगों ने जश्न मनाया।
घना कोहरा, कई जिले प्रभावित
नए साल के पहले दिन ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड, विंध्य और मध्य भारत के कई जिलों में घना कोहरा छाया। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली के साथ भोपाल, इंदौर, सीहोर, रायसेन, विदिशा, मंडला और डिंडौरी में विजिबिलिटी काफी कम रही। कोहरे से ट्रेनें देरी से चलीं।
ठंड बढ़ने की वजह
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं। जेट स्ट्रीम तेज बह रही है। इससे रात तापमान में तेज गिरावट आ रही है। मौसम विभाग ने कहा कि जनवरी में भी ठंड और कोहरे से राहत कम है।