MP Weather Update : भोपाल। मध्यप्रदेश में सर्दी का प्रकोप अब घने कोहरे के साथ डबल अटैक कर रहा है। प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को 22 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इनमें ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग के 12 जिलों में विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर तक रहने की संभावना है।
सोमवार को भी प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। रीवा, मुरैना और रायसेन में सुबह कोहरा इतना घना था कि 50 मीटर के बाद कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। भोपाल में विजिबिलिटी 500 से 1000 मीटर के बीच रही। दिनभर कोहरा बना रहा और दोपहर में भी 2 से ढाई किलोमीटर दूर तक कुछ साफ नहीं दिखा।
मौसम विभाग ने कोहरे के कारण वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और स्पीड कम रखें। स्वास्थ्य को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
ठंड से बचाव के लिए शरीर को अच्छी तरह ढककर रखें। सर्दी-खांसी या अन्य समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। किसानों के लिए भी अलर्ट है। कोहरे और ठंड से रबी फसलों पर पाला पड़ने का खतरा है।
कृषि वैज्ञानिकों से सलाह लेकर फसल की देखभाल करें, जैसे सिंचाई या अन्य उपाय अपनाएं। यह कोहरा उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं और नमी के कारण बन रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में कोहरा और घना हो सकता है।
Bhopal News : ईटखेड़ी फायरिंग मामला सुलझा, पुलिस ने शाहबेज-फरदीन का निकाला जुलूस, 7 पर FIR
प्रदेश में दिसंबर का महीना ठंड और कोहरे का पीक टाइम है। लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। इस कोहरे से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर वाहन धीमी गति से चल रहे हैं।