Khajuraho Gautam Resort Food Poisoning : खजुराहो। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजुराहो में सोमवार रात एक रिसॉर्ट में फूड पॉइजनिंग का भयानक मामला सामने आया। गौतम रिसॉर्ट के कर्मचारियों ने रात का खाना खाते ही तबीयत बिगाड़ ली। आलू-गोभी की सब्जी सहित भोजन के कुछ ही मिनट बाद उल्टी, चक्कर और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने लगे। नौ कर्मचारियों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत वाले पांच को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान चार लोगों ने दम तोड़ दिया, जिनमें एक महिला भी शामिल है। बाकी पांच की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
मृतकों में हार्दिक सोनी (20), प्रागीलाल कुशवाहा (54), गोलू अग्निहोत्री (25), बिहारी लाल पटेल (60), रामस्वरूप कुशवाहा (47), रवि कौदर (19), दयाराम कुशवाहा (65), रोशनी रजक (30) और गिरजा रजक (35) के नाम शामिल हैं। इनमें से चार की मौत हो चुकी है। सभी खजुराहो और आसपास के गांवों के रहने वाले थे।
परिजनों का कहना है कि एक व्यक्ति को ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही जान चली गई। वे आशंका जता रहे हैं कि भोजन में जहर मिला दिया गया हो। रिसॉर्ट प्रबंधन ने कहा कि खाना रोज की तरह ही सामान्य था, लेकिन डॉक्टरों को फूड पॉइजनिंग ही कारण लग रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गए। खजुराहो थाने की टीम ने रिसॉर्ट पहुंचकर किचन का मुआयना किया। भोजन, पानी और बर्तनों के नमूने जब्त कर फोरेंसिक लैब भेज दिए गए हैं। स्टाफ से लंबी पूछताछ की गई।
सीएमएचओ डॉ. रोशन द्विवेदी ने बताया कि नौ लोग सोमवार रात अस्पताल पहुंचे थे। चार की हालत इतनी खराब थी कि उन्हें तुरंत ग्वालियर शिफ्ट करना पड़ा। सिविल सर्जन शरद चौरसिया ने पुष्टि की कि मौतें फूड पॉइजनिंग से ही हुई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने रिसॉर्ट के किचन की सफाई, भोजन की गुणवत्ता और स्टोरेज पर सख्ती के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर पार्थ जयसवाल ने दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को रेडक्रॉस सोसायटी से 20-20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता स्वीकृत की। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
खाना खाने से बीमार हुए गौतम होटल खजुराहो के 3 कर्मचारियों की दुखद मृत्यु होने पर 20-20 हजार की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत
कलेक्टर श्री पार्थ जैसवाल ने तत्काल मामले को संज्ञान लेते हुए सहायता राशि स्वीकृत की। @CMMadhyaPradesh @JansamparkMP@JansamparkFC#chhatarpur
— PRO JS Chhatarpur (@PROJSChhatarpur) December 9, 2025
यह घटना ऐसे समय में घटी जब खजुराहो में राज्य कैबिनेट की बैठक चल रही थी। पर्यटन स्थल होने से रिसॉर्ट में साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता पर पहले से ज्यादा नजर रखी जाती है, लेकिन यह हादसा सबके लिए चिंता का विषय बन गया।
प्रशासन ने सभी रिसॉर्ट्स को अलर्ट किया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी जांच में जुड़ गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि आलू-गोभी की सब्जी में क्या गड़बड़ी थी – बैक्टीरिया, कीटनाशक या कुछ और। फिलहाल ग्वालियर अस्पताल में बचे मरीजों का इलाज चल रहा है।