Betul Tiger Footprints Found : बैतूल। चिचोली रेंज के रातामाटी खुर्द गांव में पिछले तीन दिनों से टाइगर की मौजूदगी के ठोस प्रमाण मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। रविवार रात ग्रामीणों ने सबसे पहले टाइगर की हलचल देखी और तुरंत चिचोली रेंज कार्यालय व डीएफओ को सूचना दी।
सोमवार सुबह वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो किसान राजेश यादव के गन्ना खेत में टाइगर के ताजा और स्पष्ट पगमार्क मिले। इसके बाद सोमवार और मंगलवार को भी लगातार सर्चिंग की गई। पश्चिम वन मंडल डीएफओ एल.के वासनिक के निर्देश पर तीन अलग-अलग टीमें 24 घंटे निगरानी और तलाशी अभियान चला रही हैं।
MP News : खिलचीपुर नगर परिषद में छंटनी की तैयारी, 16 कर्मचारी सेवा से होंगे बाहर
चिचोली रेंजर शैलेन्द्र चौरसिया ने बताया कि पगमार्क देखकर पक्का लग रहा है कि यह टाइगर ही है। स्टाफ को चौबीसों घंटे ड्यूटी पर लगाया गया है। जिस रास्ते से टाइगर के आगे बढ़ने की संभावना है, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभी तक ट्रैप कैमरों में टाइगर कैद नहीं हुआ है। संभव है कि वह आगे बढ़ गया हो, लेकिन कोई रिस्क नहीं लिया जा रहा।
ग्रामीणों को मुनादी कर रात में खेतों में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। हालांकि गन्ने की सिंचाई के लिए किसानों को रात में ही जाना पड़ता है, इसलिए सभी बेहद सतर्क हैं। किसान राजेश यादव ने बताया कि उनके खेत में अभी भी टाइगर होने की आशंका है।
Sehore News : तेज रफ्तार कार बिजली के खंभे से टकराई, खंभा टूटा-कार खेत में समाई, बाल-बाल बचा ड्राईवर
विशेषज्ञों के मुताबिक हर साल नवंबर-दिसंबर में सतपुड़ा टाइगर रिजर्व से कुछ टाइगर भोजन और क्षेत्र की तलाश में बैतूल की तरफ आते हैं। अगर टाइगर ने कोई शिकार किया होता तो वह कई दिन उसी इलाके में रुकता, लेकिन अभी तक किसी पशु के शिकार की कोई सूचना नहीं है। इसलिए उम्मीद है कि वह जल्दी ही आगे बढ़ जाएगा।
फिलहाल रातामाटी खुर्द और आसपास के गांवों में लोग रात में घरों से बाहर नहीं निकल रहे। वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है और ग्रामीणों से भी लगातार सतर्क रहने की अपील की जा रही है।