Raisen Suicide Case : मध्य प्रदेश। रायसेन जिले के बम्होरी थाना क्षेत्र के भजिया गांव में बुधवार शाम को एक 20 साल के युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान विजय तोमर (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आसपास के ही किसी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार विजय मंगलवार को अपने मामा प्रेम सिंह के घर भजिया गांव आया था। सब कुछ सामान्य था। कोई भी यह अंदाजा नहीं लगा सका कि अगले ही दिन इतना बड़ा हादसा हो जाएगा।
बुधवार दोपहर बाद विजय घर से निकला और मामा के खेत की ओर चला गया। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन उसे ढूंढने निकले। खेत में पहुंचते ही सबके होश उड़ गए – विजय ने एक पेड़ पर दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली थी।
सूचना मिलते ही बम्होरी थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा तैयार किया और शव को पेड़ से नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिलवानी सिविल अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमॉर्टम किया और शाम तक शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल आत्महत्या का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और परिजनों ने भी कोई ठोस कारण नहीं बताया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही सही कारण सामने आ जाएगा।