Narmadapuram Dry Day Uproar : नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम शहर में अवैध शराब बिक्री का काला कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है, जो अब हिंसा का रूप ले चुका है। गुरुवार रात ओवरब्रिज के नीचे बंगाली कॉलोनी और सिकलीघर इलाके में शराब बेच रहे माफियाओं ने देवी दर्शन जाते मजदूरों को जबरन क्वार्टर थमाया और पैसे मांगे। इनकार पर मारपीट कर दी गई। हमले में मजदूर संतोष और वीरू चौधरी घायल हो गए, जबकि महिला नीतू चौधरी पर पत्थर फेंके गए। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी और चल समारोह भी फंस गया।
मजदूरों को क्वार्टर थमाया
नर्मदापुरम शहर के ओवरब्रिज के नीचे बंगाली कॉलोनी और सिकलीघर इलाके अवैध शराब का अड्डा बन चुके हैं। गुरुवार रात देवी प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे मजदूर संतोष, वीरू चौधरी और महिला नीतू चौधरी इस क्षेत्र से गुजर रहे थे। अचानक शराब बेच रहे युवाओं ने उन्हें रोका और जबरन क्वार्टर थमा दिया।
पैसे मांगे गए। मजदूरों ने इनकार किया, तो हमला हो गया। संतोष के पेट और हाथ पर चोटें आईं, वीरू को जमीन पर पटकने से कमर में गंभीर चोट लगी। नीतू पर पत्थर फेंके गए। घायलों को देर रात जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
संतोष ने बताया, “हम देवी दर्शन को जा रहे थे। शराबी युवकों ने रोका, क्वार्टर थमाया। मना किया तो लाठियां बरसाईं। नीतू बहन पर पत्थर चले।” वीरू ने जोड़ा, “यह इलाका शराब का अड्डा है। महिलाएं डरती हैं।” घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
सड़क पर डटे ग्रामीण
मारपीट की खबर फैलते ही बंगाली कॉलोनी के लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने ओवरब्रिज के नीचे चक्काजाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एक घंटे तक सड़क जाम रही। सिंधी कॉलोनी और ग्वालटोली से निकल रही देवी प्रतिमा विसर्जन जुलूस भी फंस गई।
MP Crime News : मोहल्ले में घूमती रहती थी माँ, क्रूर बेटे ने सब्बल से कर दी हत्या
ग्रामीणों ने कहा, “अवैध शराब बिक्री से इलाका असुरक्षित हो गया। महिलाएं रात में घर से बाहर नहीं निकलतीं। कार्रवाई न हुई तो हम खुद शराब बेचेंगे।” पुलिस के आश्वासन पर जाम खुला, लेकिन आक्रोश बरकरार है।
ग्रामीणों ने बताया कि कोठी बाजार, सब्जी मंडी, ओवरब्रिज नीचे, देवा माई, संजयनगर, एसपीएम गेट, महिला जेल और बस स्टैंड पर खुलेआम शराब बिकती है। नर्मदा नदी से 5 किमी परिधि में शराबबंदी के बावजूद उल्लंघन हो रहा है। 2017 में दुकानें बाहर शिफ्ट करने का आदेश था लेकिन अनदेखी।
मजदूर नशे में, आपसी विवाद
कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर और देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। टीआई ठाकुर ने कहा, “जबलपुर और दमोह से आए मजदूर खुद नशे में थे। आपसी विवाद से झगड़ा हुआ। जांच जारी है।” लेकिन ग्रामीणों ने इनकार किया।
एक ने कहा, “हम देवी दर्शन को जा रहे थे। शराबी माफिया ने हमला किया। पुलिस का यह बयान अन्याय है।” पुलिस ने IPC की धारा 323 (मारपीट) और 506 (धमकी) के तहत केस दर्ज किया। आबकारी विभाग को सूचना दी गई।