Dussehra 2025 : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दशहरा उत्सव की तैयारियों के बीच एक शरारती घटना ने आयोजकों को परेशान कर दिया। आशिमा मॉल के पास दशहरा मैदान पर लगे 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले में गुरुवार सुबह (2 अक्टूबर 2025) करीब 6 बजे तीन नशे में धुत युवकों ने आग लगा दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक एसयूवी से उतरकर दो युवक और एक युवती ने पुतले में आग लगाई और फरार हो गए। इस घटना से आयोजन समिति में हड़कंप मच गया, लेकिन उन्होंने तुरंत नया पुतला तैयार कराने का काम शुरू कर दिया। शाम को होने वाले दशहरा कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
मिसरोद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान कर ली है और तलाश तेज कर दी है। यह घटना दशहरा उत्सव की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ी करती है, जहां शरारती तत्वों ने परंपरा को चुनौती दी।
एसयूवी से उतरे युवक
भोपाल के आशिमा मॉल के पास स्थित दशहरा मैदान पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले तैयार थे। सुबह 6 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग जब मैदान पर पहुंचे, तो उन्हें आग की लपटें दिखीं।
इलाके की पार्षद जितेंद्र शुक्ला ने बताया, “एक एसयूवी से दो युवक और एक युवती उतरे। वे नशे की हालत में थे। उन्होंने पुतले में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और भाग गए।” प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मिसरोद थाने की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाई। लेकिन पुतला पूरी तरह जल चुका था।
सीसीटीवी से पहचान
मिसरोद थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। फुटेज में आरोपी युवक और युवती साफ दिख रहे हैं। प्रभारी ने कहा, “तीनों नशे में थे। एसयूवी का नंबर ट्रेस हो गया है। जल्द गिरफ्तार करेंगे।”
आयोजन समिति ने कहा, “हम नया 51 फीट पुतला तैयार करा रहे हैं। शाम 6 बजे चल समारोह और 8 बजे दहन होगा।” सिंगर दीपिका और पीयूष की प्रस्तुतियां होंगी।