MP Breaking News : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा इलाके में स्थित राजवंश कॉलोनी मित्तल कॉलेज के पास किराए के मकान से बुधवार रात (24 सितंबर 2025) करीब 10 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक महिला और उनकी एक साल की बेटी संदिग्ध हालात में दूसरी मंजिल की छत से गिर गईं।
पीपुल्स हॉस्पिटल में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात पहले मां, फिर बेटी ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पर कोहेफिजा थाने की पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पति ज्ञानेंद्र सिसोदिया का कहना है कि यह हादसा था, लेकिन पुलिस को संदेह है।
वॉक पर निकली मां-बेटी वेंटिलेशन से फिसलीं
मृतका गौरी सिसोदिया (30 वर्ष) राजवंश कॉलोनी के एक किराए के फ्लैट में पति ज्ञानेंद्र, बेटी ओनी (1 वर्ष) और अन्य परिजनों के साथ रहती थीं। ज्ञानेंद्र प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के साथ एक शराब कंपनी में मेंटेनेंस जॉब करते हैं और मूल रूप से सीहोर के निवासी हैं।
बुधवार रात खाना खाने के बाद गौरी ने बेटी को गोद में लेकर ‘वॉक’ का बहाना कर छत पर जाने की बात कही। कुछ ही मिनटों बाद नीचे रहने वालों को गिरने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर देखा कि गौरी और ओनी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी हैं।
ज्ञानेंद्र ने बताया, “बुआ के घर से लौटे थे। मैंने गौरी को मल्टी के नीचे उतारा और पास की दुकान पर 5 मिनट रुका। दुकानदार ने नंबर मांगा, एक्सचेंज किया। इसी बीच भाभी का कॉल आया – ‘जल्दी आओ, हादसा हो गया।’ पहुंचा तो भाभी बच्ची को गोद में लिए रो रही थीं, और गौरी बेसुध पड़ी थी।
बताया गया कि वेंटिलेशन वाले ओपन स्पेस के बीच गौरी बेटी को बाउंड्री पर बिठा रही थी। बच्ची छिटककर गिरी, तो गौरी भी पीछे से कूद पड़ी।” आनन-फानन में दोनों को भानपुर के पीपुल्स हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां पहले गौरी, फिर ओनी ने दम तोड़ा।
तीन साल की शादीशुदा जिंदगी
ज्ञानेंद्र (32 वर्ष) ने भावुक होकर कहा, “तीन साल पहले अरेंज मैरिज हुई। गौरी गृहिणी थी, ओनी हमारा पहला बच्चा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए भोपाल आए थे। आज सब छिन गया।”
परिवार ने बताया कि गौरी खुशमिजाज थीं और कोई विवाद नहीं था। लेकिन पुलिस को संदेह है – वेंटिलेशन स्पेस से गिरना संभव है या नहीं? एक चश्मदीद ने कहा, “आवाज तेज थी, लेकिन कोई चीख नहीं सुनाई दी।” बच्चे अब दादा-दादी के पास हैं, जो सदमे में हैं।
पोस्टमॉर्टम से पता चलेगी सच्चाई
कोहेफिजा थाने के एएसआई रामप्रसाद भारती ने कहा, “घटना संदिग्ध है। कोई चश्मदीद नहीं मिला। हर एंगल से जांच हो रही है।” पुलिस ने मल्टी के मकान मालिक, पड़ोसियों और परिवार के बयान दर्ज किए। सीसीटीवी फुटेज चेक हो रहा है, लेकिन रात का समय होने से क्लियर नहीं।
गुरुवार को पीपुल्स हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम होगा, जिसकी रिपोर्ट से हादसा या अन्य कारण साफ होगा। भारती ने जोड़ा, “पति का बयान लिया, लेकिन विकलांग होने से कोई संदेह नहीं। फिर भी, पूरी जांच होगी।” फिलहाल, मर्ग कायम है।