Bulldozers Ran on Houses of Rape Love Jihad Accused in Bhopal : मध्य प्रदेश। भोपाल में कॉलेज की छात्राओं से बलात्कार और लव जिहाद के आरोप में पकड़े गए फरहान, साद और साहिल के गैरकानूनी घरों पर जिला प्रशासन ने आज बुलडोजर चलाया। इस एक्शन से पहले शुक्रवार को इन मकानों के चारों तरफ बैरिकेडिंग लगा दी गई थी, ताकि कोई हंगामा न हो। शनिवार की सुबह ठीक 5 बजे अर्जुन नगर इलाके में भारी पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी पहुंचे और अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया। याद रहे, आरोपियों की तरफ से कोर्ट में याचिका डाली गई थी, लेकिन अदालत ने कार्रवाई पर कोई रोक नहीं लगाई।
गोविंदपुरा के एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सब कुछ नियमों के मुताबिक हो रहा है। पुलिस की सख्त निगरानी में सरकारी जमीन पर बने इन अवैध कब्जों को ढहाया गया। फरहान की पेशी की वजह से उसके घर पर अभी कार्रवाई टाल दी गई है। सुबह 11 बजे कोर्ट में हाजिरी के बाद ही उसके मकान को गिराया जाएगा। पूरे इलाके में पुलिस की भारी तैनाती है, जिससे कोई विवाद न फैले।
इससे पहले गोविंदपुरा तहसीलदार सौरभ वर्मा ने आरोपियों को नोटिस भेजे थे और 4 सितंबर तक कब्जा खाली करने का वक्त दिया था। लेकिन उनके परिवार वालों ने कोई कदम नहीं उठाया, इसलिए शनिवार को बुलडोजर एक्शन लिया गया। मामले में फरहान, साद, साहिल, नबील, अली और अबरार पर आरोप हैं कि उन्होंने प्राइवेट कॉलेज की लड़कियों से रेप किया और धर्म बदलने के लिए दबाव डाला। केस अभी कोर्ट में चल रहा है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को मिली शिकायतों के मुताबिक, इन लड़कों ने पहले छात्राओं से दोस्ती की, फिर उनके साथ जबरदस्ती की। अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और निकाह के लिए मजबूर किया। पीड़िताओं का कहना है कि आरोपियों ने अपनी सच्ची पहचान छिपाई थी। आयोग मानता है कि यह एक सोची-समझी साजिश है, जिसमें दूसरे राज्यों तक कनेक्शन हो सकते हैं।
अब जानिए आरोपियों की क्राइम हिस्ट्री:
फरहान खान: इस गैंग का सरगना, जो हिंदू लड़कियों को फंसाने में माहिर था। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई लड़कियों का शोषण किया।
साहिल खान: पन्ना का मूल निवासी, अशोका गार्डन में डांस क्लास चलाता था। हिंदू लड़कियों को टारगेट करके रेप किया। उसके फोन में कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए।
अली खान: जून 2024 में अशोका गार्डन के एक होटल में छात्रा से दुष्कर्म किया। वीडियो बनाकर फरहान को सौंपा। जुलाई में मिलने के बहाने बुलाया, जहां फरहान पहले से मौजूद था और वीडियो की धमकी से गलत काम किया।
साद: मैकेनिक है और फरहान का साथी। 500-500 रुपये के लालच में लड़कियों को इधर-उधर ले जाता था। फरहान के इशारे पर उन्हें जबरन गांजा पिलाने का काम भी करता था।
अबरार: कोलकाता से आया था, भोपाल में पढ़ाई के लिए। लेकिन पढ़ाई छोड़कर भाग गया। गिरफ्तारी के लिए टीम कोलकाता गई है। उसके कमरे में एक लड़की से रेप हुआ।
नबील: बिहार का निवासी, पढ़ाई बीच में छोड़कर चला गया। लड़कियों को बदनाम करने में शामिल। एक टीम बिहार भेजी गई है।